T20 वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। सेमीफाइनल की तीन टीमें तय हो गई हैं, लेकिन चौथे स्थान के लिए जंग अभी बाकी है। सेमीफाइनल का टिकट हासिल करने के लिए कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स में डिफेंडिंग चैंपियन भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे। ग्रुप-1 से इंग्लैंड क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं, जबकि ग्रुप-2 से साउथ अफ्रीक ने जगह बनाई है। अब आखिरी टिकट भारत और वेस्टइंडीज में से किसी एक के नाम होगा।
भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला
भारत को 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की करारी हार झेलनी पड़ी, जो T20 वर्ल्ड कप इतिहास में उनकी सबसे बड़ी हार थी। इस हार से पहले टीम ग्रुप स्टेज में अजेय रही थी। भारत ने अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को वापसी की और अब सेमीफाइनल के टिकट के लिए वेस्टइंडीज की चुनौती के लिए तैयार है। अगर भारत ये मैच जीतता है, तो सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा।
क्या बारिश डालेगी खलल?
इस सप्ताह की शुरुआत में कोलकाता में हल्की सुबह की बारिश हुई थी, जिससे प्रशंसकों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच में बारिश का खतरा नजर नहीं आ रहा है। एक्यूवेदर के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना ना के बराबर है। शाम को आसमान साफ रहने की उम्मीद है और करीब 17 प्रतिशत बादल छाए रह सकते हैं। टॉस के समय तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो रात बढ़ने के साथ 24 डिग्री तक गिर सकता है। नमी 46 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 69 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, लेकिन पूरे मैच में बारिश की संभावना 0 प्रतिशत है।
अगर मैच रद्द हुआ तो?
वैसे तो पूरे मैच के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन अगर बारिश के कारण मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिलेगा। ऐसी स्थिति में बेहतर नेट रन रेट के कारण वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी और भारत बाहर हो जाएगा। ऐसे में हर भारतीय फैन की निगाहें सिर्फ मुकाबले पर ही नहीं, बल्कि कोलकाता के आसमान पर भी टिकी रहेंगी।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर, सनथ जयसूर्या छोड़ेंगे श्रीलंका टीम का साथ, कोच के पद से देंगे इस्तीफा