पाकिस्तान की टीम जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने के लिए पहुंची थी, तो सभी को उम्मीद थी कि वह सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहेगी, लेकिन उनका सफर सुपर-8 में ही खत्म हो गया। पाकिस्तान की टीम ने सुपर-8 में अपना आखिरी मैच मेजबान श्रीलंका की टीम के खिलाफ खेला जिसमें वह 5 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब तो रहे लेकिन खराब नेट रनरेट के चलते न्यूजीलैंड से नीचे रह गए और सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह को बना पाने में कामयाब नहीं हो सके। वहीं टूर्नामेंट में सफर खत्म होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा का बड़ा बयान भी सामने आया जिसमें उन्होंने इशारों-इशारों में बाबर आजम पर बड़ा निशाना साधा है।
सलमान अली आगा ने श्रीलंका के खिलाफ मैच खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि हम पूरे टूर्नामेंट में अच्छी बैटिंग नहीं कर सके। सिर्फ साहिबजादा फरहान थे जो बल्लेबाजी में कुछ कर सके जिसमें उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की, लेकिन इसके अलावा अगर कोई उनकी थोड़ी और मदद कर सकता, तो कहानी अलग हो सकती थी। पूरे टूर्नामेंट में बैटिंग हमेशा हमारे लिए चिंता का विषय रही। खासकर मिडिल ऑर्डर जो पिछले कुछ सालों से हमारे लिए एक बड़ी समस्या रहा है। हमें बैठकर उस डिपार्टमेंट पर भी अब अधिक ध्यान देना होगा। हम इस मैच में आखिरी के 2 ओवर्स में सिर्फ 14 रन ही बना सके और 5 विकेट गंवा दिए। हम जैसा चाहते थे वैसा फिनिश नहीं कर पाए।
इस टी20 वर्ल्ड कप के लिए जब पाकिस्तानी ने अपने स्क्वाड का ऐलान किया था तो उसमें बाबर आजम को जगह मिलने के बाद से लगातार काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। वहीं बाबर आजम इस टूर्नामेंट में बड़े मैचों में बल्ले से कोई खास कमाल दिखा पाने में कामयाब नहीं हो सके, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 के अहम मुकाबले में उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया था। बाबर के अलावा खुद पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान आगा भी जो मिडिल ऑर्डर में खेल रहे थे, वह भी टूर्नामेंट में अपने बल्ले से कोई खास योगदान देने में कामयाब नहीं रहे।
ये भी पढ़ें
श्रीलंका के खिलाफ जीतकर भी पाकिस्तान की हो गई घर वापसी, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर हुआ खत्म
संपादक की पसंद