पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सुपर-8 के मुकाबले को 5 रनों से जीतने में तो कामयाब रही लेकिन उनका सफर इस टूर्नामेंट में खत्म हो गया। पाकिस्तान की टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 212 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद उन्हें श्रीलंका की टीम को 147 या उससे कम के स्कोर पर रोकना था, लेकिन वह ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सके। इसी के साथ पाकिस्तान टीम की इस मैच में जीत के बाद भी उनकी घर वापसी हो गई है, वहीं न्यूजीलैंड की टीम बेहतर नेट रनरेट के चलते सेमीफाइनल में अपनी जगह को पक्का करने में कामयाब रही, जिसमें इसी के साथ ये भी तय हो गया कि अब टूर्नामेंट के दोनों ही सेमीफाइनल मुकाबले भारत में खेले जाएंगे।
न्यूजीलैंड से नेट रनरेट में मात खा गई पाकिस्तान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ जगह मिली थी। इसमें उनका पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ था, लेकिन वह बारिश के चलते रद्द हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान की टीम ने दूसरे मैच में इंग्लैंड की टीम का सामना किया जहां उन्हें 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम ने अपने दूसरे मैच में मेजबान श्रीलंकाई टीम को 61 रनों के अंतर से मात देने के साथ अपने नेट रनरेट को काफी बेहतर कर लिया। वहीं न्यूजीलैंड की टीम को इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ अपने तीसरे मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना तो करना पड़ा लेकिन उनका नेट रनरेट इसके बावजूद 1.390 का रहा।
पाकिस्तान की टीम को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए श्रीलंका के खिलाफ मैच में 65 या उससे अधिक रनों के अंतर से मुकाबला जीतना था, जिसके बाद ही उनका नेट रनरेट न्यूजीलैंड की टीम से बेहतर होता, हालांकि वह ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सके और सिर्फ 5 रनों के अंतर से ही जीत सके। इसके चलते पाकिस्तानी टीम का नेट रनरेट तीन अंकों के बावजूद -0.123 का रहा जिसके चलते उन्होंने तीसरे नंबर पर खत्म किया और घर वापसी की राह पकड़ ली।
पाकिस्तानी टीम के कई खिलाड़ियों का बाहर होना तय
इस टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के प्रबल दावेदार के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन उनके सीनियर खिलाड़ियों का प्रदर्शन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला। इसमें बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान का नाम प्रमुख तौर पर शामिल है, जिनका अब पाकिस्तानी टी20 टीम से बाहर होना तय माना जा रहा है। वहीं इसके अलावा सलमान आगा को भी कप्तानी से हटाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें