Pakistan tour of Sri lanka: श्रीलंका ने हाल ही में पाकिस्तान का दौरा किया था। इस दौरे पर लंका की टीम ने 3 मैचों की ODI सीरीज खेली थी और फिर T20 ट्राई सीरीज में भी शिरकत की थी। अब श्रीलंका की टीम पाकिस्तान की मेजबानी करती नजर आएगी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम 2026 T20 वर्ल्ड कप की तैयारी अगले साल जनवरी की शुरुआत में श्रीलंका दौरे के साथ करेगी। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम तीन मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका के दांबुला शहर जाएगी। यह तीनों मुकाबले क्रमशः 7, 9 और 11 जनवरी को खेले जाएंगे।
नए साल में पाकिस्तान का यह पहला व्हाइट-बॉल असाइनमेंट होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कहा है कि यह सीरीज खिलाड़ियों को अगले साल होने वाले T20 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से काफी अहम होगी, क्योंकि पाकिस्तान अपने सभी T20 वर्ल्ड कप मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगा।
लगातार T20 क्रिकेट खेल रहा पाकिस्तान
पिछले 6 महीनों में PCB ने टीम को अधिक से अधिक T20 क्रिकेट खिलाने पर जोर दिया है। मई 2025 में PSL समाप्त होने के बाद से पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू और विदेशी सीरीज, वेस्टइंडीज दौरा, दो T20I ट्राई सीरीज, एशिया कप और साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू T20 मुकाबले खेले हैं। इन सभी में पाकिस्तान को केवल बांग्लादेश दौरे और एशिया कप के फाइनल में भारत से हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका ने भी हाल ही में पाकिस्तान का तीन सप्ताह का दौरा पूरा किया, जिसमें उन्होंने तीन ODI और एक T20I ट्राई सीरीज खेली थी। उस सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराया था।
श्रीलंका दौरा होगा अहम
श्रीलंका दौरे पर T20 सीरीज के बाद पाकिस्तान महीने के अंतिम सप्ताह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू T20 सीरीज खेलेगा। इसके बाद टीम वर्ल्ड के लिए एक बार फिर श्रीलंका लौटेगी, जहां टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होना है। पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ रखा गया है। पाकिस्तान के सभी ग्रुप मैच कोलंबो में खेले जाएंगे। वहीं, श्रीलंका अपने ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, ओमान, जिम्बाब्वे और आयरलैंड से भिड़ेगा। अगर पाकिस्तान और श्रीलंका नॉकआउट राउंड के लिए क्वालिफाई करते हैं, तो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले भी लंका की धरती पर खेले जाएंगे।
यह भी पढ़ें
15 साल बाद इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे विराट कोहली, DDCA के अध्यक्ष ने किया कंफर्म
रोहित शर्मा तोड़ सकते हैं क्रिस गेल बहुत बड़ा रिकॉर्ड, दूसरे वनडे में इतिहास रचने का मौका
Latest Cricket News