1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की प्लेइंग XI से बाहर होंगे प्रिंस यादव? कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे T20I से पहले दिया अपडेट

टीम इंडिया की प्लेइंग XI से बाहर होंगे प्रिंस यादव? कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे T20I से पहले दिया अपडेट

श्रेयस अय्यर ने दूसरे टी20 मैच के बाद कहा है कि प्रिंस यादव चोटिल हो गए हैं और इसकी वजह से तीसरे मैच में भारतीय टीम में बदलाव हो सकते हैं। प्रिंस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

Prince Yadav- India TV Hindi
Image Source : AP प्रिंस यादव

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया ने 90 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई को खेला जाएगा। इस मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा है कि प्रिंस यादव के चोटिल होने से आखिरी मुकाबले के प्लेइंग XI में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसका मतलब है कि प्रिंस यादव इस मैच से बाहर हो सकते हैं।

प्रिंस यादव ने इस सीरीज में की है शानदार गेंदबाजी

प्रिंस अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए। चोटिल होने से पहले वह दो विकेट झटक चुके थे। प्रिंस जारी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने दो मैचों में चार विकेट लिए हैं लेकिन अय्यर के बयान से ये काफी हद तक साफ हो गया है कि वह तीसरे टी20 से बाहर हो सकते हैं।

प्रिंस यादव को लेकर श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद कहा कि दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए 26 जुलाई को खेले जाने वाले मैच में टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ ही श्रेयस ने कहा कि ईशान और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की। मुझे लगा था कि इस विकेट पर 180 से 200 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होगा, लेकिन हमने 220 रन बना लिए, जो टीम के लिए बोनस साबित हुआ। मैदान पर यही रवैया होना चाहिए। वर्तमान में रहकर अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से अमल में लाना सबसे अहम है।

कुछ ऐसा रहा दूसरे टी20 मैच का हाल

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम को ब्रायन बेनेट ने तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन चौथे ओवर में यश ठाकुर ने बेनेट (32 रन) को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और लगातार विकेट गंवाती रही। अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने बेन करन (1 रन) को पवेलियन भेज दिया। छठे ओवर में रवि बिश्नोई ने डिओन मेयर्स (12 रन) को बोल्ड किया। इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने 2, रेयान बर्ल ने 20, ब्रैड इवांस ने 19 और न्यूमैन न्यामहुरी ने सिर्फ 3 रन बनाए।

17वें ओवर में यश ठाकुर ने तडिवनाशे मारुमानी (24 रन) को आउट करके जिम्बाब्वे का नौवां विकेट गिराया। इसके बाद 18वें ओवर में अभिषेक शर्मा ने रिचर्ड नगरावा (1 रन) को आउट कर जिम्बाब्वे की पूरी टीम को 129 रनों पर समेट दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव को 2-2 विकेट मिले। वहीं रवि बिश्नोई, तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट हासिल किया। बल्लेबाजी की बात करें तो वहां भारत के लिए ईशान किशन ने 81 और तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की पारी खेली थी।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी का जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में कैसा रहा प्रदर्शन? 222 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन

तिलक वर्मा या अभिषेक शर्मा नहीं, दूसरे टी20 मैच में यह धुरंधर बना भारत की जीत का हीरो, मिला POTM अवॉर्ड

Latest Cricket News