भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला आज जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 90 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे हो गई है। टीम इंडिया ने इस मैच के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया। यश ठाकुर को डेब्यू करने का मौका मिला। उन्हें अशोक शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया था।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम का पहला विकेट 10 के स्कोर पर गिरा। जब अभिषेक शर्मा 8 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद वैभव सूर्यवंशी भी इस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। इस मुकाबले में वह 9 बॉल पर 20 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन इस मैच में टीम इंडिया के लिए टॉप रन स्कोरर रहे। वह 44 बॉल पर 81 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा तिलक वर्मा ने 29 बॉल पर 60 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए।
220 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम शुरुआत से ही लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट इस मैच में टॉप रन स्कोरर रहे। उन्होंने 19 बॉल पर 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 32 रन बनाए। वहीं रेयान बर्ल ने 20 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं डेब्यूटेंट यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने दो दो विकेट अपने नाम किए।
टी20 सीरीज के लिए भारत और जिम्बाब्वे का स्क्वॉड
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर।
जिम्बाब्वे टीम: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), बेन करन, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामुरी, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, तफदजवा त्सिगा, इनोसेंट काया, तनाका चिवांगा, वेलिंगटन मसाकाद्जा।