भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने इस सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबलों को अपने नाम करने के साथ पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब भारतीय टीम की नजरें चौथे मुकाबले को भी जीतकर क्लीन स्वीप की तरफ अपने कदम आगे बढ़ाने पर रहने वाली हैं। अभी तक तीनों ही मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है, जिसमें तीसरे मैच में टीम इंडिया ने 199 रनों के टारगेट को सिर्फ 13.2 ओवर्स में ही हासिल कर लिया था। ऐसे में अब सभी की नजरें ऑकलैंड के ईडन पार्क की पिच और मौसम को लेकर रहने वाली हैं, जिसमें दोनों टीमों के गेंदबाजों के लिए बिल्कुल भी अच्छी खबर नहीं हैं।
सपाट पिच और छोटी बाउंड्री बनेगी गेंदबाजों के लिए सिरदर्द
ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में इस टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा, जहां की पिच को लेकर बात की जाए तो वह बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद मानी जाती है और इसके बाद इस मैदान की छोटी बाउंड्री गेंदबाजों के लिए मुसीबत को अधिक बढ़ाने वाली रहने वाली है। ईडन पार्क में सीधी बाउंड्री इतनी छोटी हैं कि वे ICC की शर्तों पिच के केंद्र से कम से कम 59.43 मीटर को पूरा नहीं करतीं। लेकिन, इन शर्तों के लागू होने से पहले से मौजूद वेन्यू होने के कारण, इसे छूट मिली हुई है। इस मैदान पर खेले गए अब तक 33 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 16 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को वहीं 16 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम अपने नाम करने में कामयाब रही है, जबकि एक मुकाबला रद्द रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच में चौथे टी20 मैच के दौरान मौसम को लेकर बात की जाए तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार 30 अक्टूबर को ऑकलैंड में बारिश की 25 प्रतिशत संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
टीम इंडिया का ऑकलैंड में है जीत का 100 फीसदी रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने ऑकलैंड के ईडन पार्क में अब तक तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें तीनों में उसका सामना न्यूजीलैंड की टीम से हुआ और सभी को जीतने में कामयाबी मिली है। पिछली बार भारतीय टीम ने यहां पर मुकाबला साल 2020 में खेला था, जिसको 7 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे। अब ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह रिकॉर्ड आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहेगा।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा 35 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास, ईशान किशन की बादशाहत पर मंडरा रहा खतरा