1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कुलदीप यादव के सपोर्ट में उतरे आर अश्विन, धाकड़ स्पिनर को बताया मैच विनर

कुलदीप यादव के सपोर्ट में उतरे आर अश्विन, धाकड़ स्पिनर को बताया मैच विनर

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कुलदीप यादव का समर्थन करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट को उनके साथ बेहतर व्यवहार करना चाहिए क्योंकि वह मैच जिताने वाले गेंदबाज हैं।

Kuldeep Yadav- India TV Hindi
Image Source : AFP कुलदीप यादव

भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने स्टार चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव का खुलकर समर्थन किया है। अश्विन का मानना है कि टीम मैनेजमेंट कुलदीप के साथ वैसा व्यवहार नहीं कर रहा, जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने साफ कहा कि कुलदीप एक मैच विनर गेंदबाज हैं और उन्हें टीम में ज्यादा भरोसा और बेहतर सपोर्ट मिलना चाहिए।

हाल के समय में कुलदीप यादव को लगातार प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है। इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए पहले ODI समेत भारत के पिछले चार ODI मुकाबलों में से तीन में उन्हें मौका नहीं मिला। टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह ऐसे स्पिनरों पर भरोसा जताया, जो गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं।

दो फिंगर स्पिनरों के लिए जगह बनाना आसान नहीं

इंग्लैंड के खिलाफ पहले ODI में अक्षर पटेल ने 62 रन देकर चार विकेट झटके और लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक भी जड़ा। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर भले ही गेंद से कोई विकेट नहीं ले सके, लेकिन उन्होंने भी नाबाद अर्धशतक बनाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, अश्विन का मानना है कि भविष्य में खासकर 2027 ODI वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम में दोनों फिंगर स्पिनरों के लिए जगह बनाना आसान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें कुलदीप यादव के साथ किए जा रहे व्यवहार से समस्या है। हम ऐसे हालात में दो फिंगर स्पिनरों के साथ खेल रहे हैं, जहां स्पिन को शायद ज्यादा मदद नहीं मिलने वाली थी। जब आप साउथ अफ्रीका जाएंगे तो आपको कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर तीनों की जरूरत पड़ेगी। दोनों अक्षर और वॉशिंगटन ने अर्धशतक लगाए और हमें जीत दिलाई। लेकिन उन्हें लगता है कि भविष्य में इन दोनों खिलाड़ियों में से सिर्फ एक के लिए ही जगह होगी। वह चाहते हैं कि कुलदीप के साथ बेहतर व्यवहार हो, क्योंकि वह मैच विनर हैं।

इंग्लैंड से सीखने की जरुरत

अश्विन ने इंग्लैंड की टीम का उदाहरण देते हुए भारतीय टीम को संतुलित संयोजन बनाने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ इंग्लैंड को देखिए। वह आपको दिखा रहे हैं कि अच्छा कॉम्बिनेशन क्या होता है। उन्होंने एक ऐसे फिंगर स्पिनर को खिलाया जो बल्लेबाजी भी कर सकता है, वह हैं विल जैक्स। वहीं उन्होंने एक आक्रामक स्पिनर आदिल रशीद को भी मौका दिया, जो ODI क्रिकेट में कुलदीप यादव जैसी भूमिका निभाते हैं। गौरतलब है कि अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की घरेलू ODI सीरीज में भी कुलदीप यादव को सिर्फ एक मुकाबले में मौका मिला था। लखनऊ ODI में उन्होंने अपने 10 ओवर में 42 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

यह भी पढ़ें:

लखनऊ में कुलदीप यादव-वंशिका का ग्रैंड रिसेप्शन, क्रिकेट सितारों का लगा जमावड़ा

कुलदीप यादव की शादी में जमकर थिरके भारतीय खिलाड़ी, देखें वीडियो और फोटो

Latest Cricket News