भारतीय टीम एकतरफ जहां इंग्लैंड में अभी 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है और उसके बाद उसे तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। वहीं इसी बीच भारतीय खिलाड़ी बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज साई किशोर जो पिछले काफी समय से लगातार टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं उन्होंने इंग्लैंड में काउंटी चैंपियनशिप में खेलने का फैसला लिया है। साई किशोर जिन्होंने पिछले काउंटी सीजन में सरे की तरफ से खेला था उन्होंने इस बार ग्लूस्टरशायर की तरफ से खेलने का फैसला लिया है, जिसमें साई किशोर सीजन के बचे शेष 6 मुकाबलों में हिस्सा लेंगे।
20 अगस्त से उपलब्ध होंगे साई किशोर
साई किशोर का ये दूसरा काउंटी सीजन होगा जिसमें पिछली बार उन्होंने 2 मुकाबलों में खेलते हुए 11 विकेट हासिल किए थे। वहीं ग्लूस्टरशायर के साथ इस बार करार होने के बाद वह चेल्टनहम में वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ 20 अगस्त को होने वाले मैच से उपलब्ध रहेंगे। ग्लूस्टरशायर के साथ करार होने के बाद साई किशोर ने कहा कि यह मौका देने के लिए मैं जॉन और ग्लूस्टरशायर के सभी लोगों का बहुत आभारी हूं। यहां खेलने का मौका मिलना बहुत रोमांचक है, मैं हमेशा से इंग्लैंड के हालात में अपनी स्किल्स को परखना चाहता था और मैनेजमेंट से बात करने के बाद मुझे लगा कि यह मेरे लिए बिल्कुल सही है। साई किशोर को लेकर बात की जाए तो वह घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु की तरफ से खेलते हैं जिसमें उन्होंने 54 फर्स्ट क्लास मैचों में अब तक 24.21 के औसत से 223 विकेट हासिल किए हैं। इसके अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट में साई किशोर ने तीन टी20 मुकाबले खेले हैं और उसमें उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए हैं।
ग्लूस्टरशायर के लिए अच्छा नहीं रहा है यह काउंटी सीजन
काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन में ग्लूस्टरशायर का प्रदर्शन काफी खराब देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 8 मुकाबलों में खेलने के बाद सिर्फ एक में ही जीत हासिल की है। ऐसे में उनकी टीम प्रमोशन की दौड़ से पहले ही लगभग बाहर हो चुकी है। ऐसे में उनके पास अब इस सीजन के बाकी बचे शेष 6 मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश रहने वाली है।
ये भी पढ़ें
आईसीसी रैंकिंग में ईशान किशन को फायदा, जैकब बैथल की लंबी छलांग, सूर्या टॉप 10 से बाहर
सौरव गांगुली के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, ICC हॉल ऑफ फेम में होंगे शामिल
Latest Cricket News