1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम का ब्रिस्टल में ऐसा रहा है प्रदर्शन, अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने की चुनौती

भारतीय टीम का ब्रिस्टल में ऐसा रहा है प्रदर्शन, अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने की चुनौती

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 09, 2026 07:23 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 07:23 am IST

भारतीय टीम को इंग्लैंड में खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेलना है। इस स्टेडियम में अब तक टीम इंडिया ने लिमिटेड ओवर्स के चार मुकाबले खेले हैं और सभी को जीतने में कामयाब रहे हैं।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
भारतीय क्रिकेट टीम Image Source : AP

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अब तक टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी खराब देखने को मिला है। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के जहां दोनों मुकाबलों को गंवा दिया तो वहीं इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीन मैचों में से दो में हार का सामना करना पड़ा तो वहीं एक मुकाबला रद्द रहा है। ऐसे में अब भारतीय टीम के पास इस सीरीज को जीतने का मौका तो नहीं है लेकिन उसे बराबरी पर जरूर खत्म कर सकते हैं। टीम इंडिया को इस सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेलना है जिसमें अब तक लिमिटेड ओवर्स के खेले सभी चार मैचों में जीत दर्ज की है। ऐसे में अब इस अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने की सबसे बड़ी चुनौती रहने वाली है।

टीम इंडिया ने ब्रिस्टल में जीते हैं तीन वनडे और एक टी20 मैच

ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड को लेकर बात की जाए तो यहां पर बड़े स्कोर बनते हुए देखने को मिले हैं, जिसमें इसके पीछे सबसे बड़ा कारण ग्राउंड का आकार है। इस स्टेडियम में स्ट्रेट की बाउंड्री जहां छोटी है तो कुछ हिस्से काफी बड़े हैं। भारतीय टीम ने जब साल 2018 में यहां पर टी20 मुकाबला खेला था तो उसमें 199 रनों के टारगेट को हासिल किया था। ऐसे में इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां पर टारगेट का पीछा करने वाली टीम का पलड़ा भारी रहता है। टीम इंडिया ने ब्रिस्टल के स्टेडियम में एक टी20 मुकाबले के अलावा अब तक तीन वनडे मैच भी खेले हैं और सभी को उन्होंने अपने नाम किया है। इस अजेय रिकॉर्ड को देखते हुए टीम इंडिया के प्लेयर्स का आत्मविश्वास जो अभी काफी कम है उसे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। वहीं यहां पर बाकी जगहों के मुकाबले थोड़ा अधिक गर्मी का सामना प्लेयर्स को करना पड़ सकता है जो टीम इंडिया के लिए काफी अच्छी बात मानी जा सकती है।

अब तक यहां खेले गए हैं 7 टी20 मुकाबले

इंग्लैंड के ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड को लेकर बात की जाए को यहां पर अब तक 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से 4 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं तो वहीं सिर्फ तीन मैच को पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम अपने नाम करने में कामयाब हो सकी है। इस साल यहां की पिच के पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो टी20 ब्लास्ट के खेले गए पांच मुकाबलों में औसत स्कोर 155 से 160 रनों के बीच का देखने को मिला है। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए बड़ा स्कोर यहां पर बनाना एक बड़ी चुनौती रहने वाली है, जिसमें टॉस की भूमिका काफी अहम रहेगी।

ये भी पढ़ें

बांग्लादेश को तगड़ा झटका, लिटन दास पूरी ODI सीरीज से बाहर, रिप्लेसमेंट का ऐलान

प्रतिका रावल इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर, रिप्लेसमेंट का हो गया ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल