1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन को लेकर राहुल द्रविड़ ने दिया बड़ा बयान, कहा - मेहनत का फल हमेशा मिलता है

संजू सैमसन को लेकर राहुल द्रविड़ ने दिया बड़ा बयान, कहा - मेहनत का फल हमेशा मिलता है

बीसीसीआई की तरफ से इस बार नमन अवॉर्ड्स का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाएगा। वहीं द्रविड़ ने इस समारोह में पहुंचने के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को लेकर बड़ा बयान दिया।

Rahul Dravid And Sanju Samson- India TV Hindi
Image Source : AFP राहुल द्रविड़ और संजू सैमसन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से साल 2024-25 में इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए दिल्ली में नमन अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया है। इस अवॉर्ड समारोह में बीसीसीआई ने टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी देने का ऐलान किया है, जिसमें शामिल होने के लिए द्रविड़ 15 मार्च की सुबह दिल्ली पहुंच गए थे। वहीं उन्होंने समारोह में पहुंचने के साथ ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत करते हुए टीम इंडिया के तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर जहां अपनी खुशी को जाहिर किया तो वहीं उन्होंने संजू सैमसन को लेकर भी बयान दिया जिनका इस टूर्नामेंट में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।

संजू को उनकी मेहनत का आखिरकार मिला फल

राहुल द्रविड़ के हेड कोच रहते हुए जब टीम इंडिया ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम किया था तो उसमें भी संजू सैमसन स्क्वाड का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला था। इस बार भी टी20 वर्ल्ड कप से पहले संजू का जैसा फॉर्म था उसे देखते हुए उनको मौका मिलने की काफी कम उम्मीद की जा रही थी। हालांकि जब संजू को सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से मौका मिला तो उन्होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा जिसमें उन्होंने फाइनल सहित लगातार तीन मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ टीम इंडिया को कप जिताने में अहम भूमिका अदा की। राहुल द्रविड़ ने नमन अवॉर्ड्स में पहुंचने के बाद संजू सैमसन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि संजू सैमसन को इतनी मेहनत के बाद सफल होते देखना बहुत अच्छा लगा। मेहनत का फल हमेशा मिलता है। संजू को बार-बार अपनी प्रतिभा साबित करते देख गर्व महसूस होता है।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीतने में कामयाब रहे सैमसन

संजू सैमसन ने जिस तरह से फॉर्म में वापसी की उसके बाद उनको रोक पाना किसी भी टीम के लिए मुश्किल काम दिखा। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में संजू के बल्ले से 89-89 रनों की शानदार पारी देखने को मिली थी। संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए जिसमें उनके बल्ले से कुल 321 रन देखने को मिले। संजू सैमसन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का भी खिताब मिला।

ये भी पढ़ें

रोहित या गेल, विराट कोहली ने बताया कौन है T20 का बेस्ट ओपनर?

बांग्लादेशी खिलाड़ी ने की पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई, सेंचुरी लगाने के साथ 11 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा

Latest Cricket News