बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला ढाका के मीरपुर स्थित शेर ए बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद बांग्लादेश की तरफ से पिछले मैच के मुकाबले बेहतर बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और उन्होंने 50 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 290 रनों का स्कोर बनाया है। बांग्लादेश को इस स्कोर तक पहुंचाने में उनके ओपनिंग बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने अहम भूमिका अदा की जिसमें उनके बल्ले से 107 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली और इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
तंजीद ने 7 छक्के लगाने के साथ तोड़ा 11 साल पुराना रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में बांग्लादेश की तरफ से ओपनिंग में उतरी तंजीद हसन तमीम और सैफ हसन की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 105 रनों की बेहतरीन साझेदारी करने के साथ टीम को एक अच्छी शुरुआत देने का काम किया। सैफ हसन के पवेलियन लौटने के बाद तंजीद हसन तमीम ने एक छोर को संभाले रखा और लगातार स्कोर को बढ़ाते रहे। तंजीद हसन तमीम अपने वनडे करियर में पहली शतकीय पारी भी खेलने में कामयाब और वह 107 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाकर आउट हुए जिसमें उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के लगाए। इसी के साथ बांग्लादेश की तरफ से एक वनडे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब तंजीद हसन तमीम के नाम पर दर्ज हो गया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड सौम्य सरकार के नाम पर था, जिन्होंने साल 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी नाबाद 127 रनों की पारी में कुल 6 छक्के लगाए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बांग्लादेशी खिलाड़ी
- तंजीद हसन तमीम - 7 छक्के (साल 2026)
- सौम्य सरकार - 6 छक्के (साल 2015)
- तंजीद हसन तमीम - 5 छक्के (साल 2026)
- अनामुल हक - 4 छक्के (साल 2014)
- तमीम इकबाल - 3 छक्के (साल 2015)
तमीम इकबाल की भी तंजीद हसन ने की बराबरी
वनडे में बांग्लादेश की तरफ से एक मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड लिटन दास के नाम पर है, जिन्होंने साल 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में अपनी 176 रनों की पारी में कुल 8 छक्के लगाए थे। वहीं तंजीद हसन तमीम इस लिस्ट में अब तमीम इकबाल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं, जिसमें तमीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ साल 2010 में हुए मुकाबले में अपनी 95 रनों की पारी में कुल 7 छक्के लगाए थे।
ये भी पढ़ें
KKR के लिए IPL 2026 का आगाज होने से पहले आई अच्छी खबर, फॉर्म में लौटा मैच विनर खिलाड़ी
पाकिस्तान से आई बड़ी खबर, चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान ने किया संन्यास का ऐलान