A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को इस चीज से दूर रखना चाहते हैं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, बताया क्या रहेगी उनकी भूमिका

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को इस चीज से दूर रखना चाहते हैं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, बताया क्या रहेगी उनकी भूमिका

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स टीम की कप्तानी संभालने वाले रियान पराग ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपने इरादों को जाहिर कर दिया है, जिसमें उन्हें सिर्फ खेल पर ध्यान देने की बात कही है।

Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AFP वैभव सूर्यवंशी

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा, जिसमें कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहने वाली हैं, जिसमें एक नाम 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का भी शामिल है। वैभव को आईपीएल के पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से डेब्यू करने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने अपनी प्रतिभा से पूरे वर्ल्ड क्रिकेट को चौंका दिया था। वैभव को पिछले आईपीएल सीजन में कुल 7 मैच खेलने का मौका मिला था, लेकिन इस बार ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि वह पूरे सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर ओपनिंग में जिम्मेदारी को संभालेंगे। इसी को लेकर राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान रियान पराग का भी वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान सामने आया है।

वैभव को मीडिया से दूर रखना चाहते हैं रियान पराग

रियान पराग जिनको संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने नया कप्तान नियुक्त किया है, उन्होंने आईपीएल 2026 सीजन का आगाज होने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि  एक कप्तान के तौर पर मैं उनसे कहूंगा कि वह दबाव यशस्वी जायसवाल पर छोड़ दे। वैभव के लिए भूमिका बस यह होगी कि वह जाए, हिट करें और बाकी किसी तरह की कोई चिंता ना करें। वैभव सूर्यवंशी को लेकर रियान पराग ने आगे कहा कि हमारी कोशिश रहेगी कि हम मीडिया से उन्हें अधिक से अधिक दूर रखने की कोशिश करेंगे और उन्हें बस अपने खेल का मजा लेना है।

पिछले सीजन सिर्फ 35 गेंदों में जड़ दिया था शतक

वैभव सूर्यवंशी को जब आईपीएल 2025 में खेलने का मौका मिला था, तो उन्होंने अपने डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने के साथ सभी को चौंका दिया था। वहीं जब उन्होंने 35 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी उसके बाद से उनको लेकर हर तरफ चर्चा देखने को मिली थी। ऐसे में वैभव के लिए अब ये आईपीएल सीजन काफी अहम रहने वाला है क्योंकि सभी टीमें उनके खिलाफ अब बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरने वाली हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल 2026 सीजन का आगाज 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी के मैदान पर होने वाले मुकाबले के साथ करेगी, जिसमें संजू सैमसन जो उनके पूर्व कप्तान थे वह सीएसके की जर्सी में खेलते हुए दिखेंगे।

ये भी पढ़ें

'रूम में प्रैक्टिस करके आया है ये'- जायसवाल ने पहली ही गेंद पर मारा गगनचुंबी छक्का, जडेजा ने कही मजेदार बात

मथीशा पथिराना के फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, KKR के कोच ने बताया कब तक होंगे फिट

Latest Cricket News