आईपीएल 2026 के तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से पीटा। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 128 रन के टारगेट को 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। यह राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते हुए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 47 बॉल रहते मैच को अपने नाम कर लिया। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी जीत 42 गेंद रहते आई थी, ये जीत उन्हें साल 2014 में RCB के खिलाफ मिली थी। इस तरह राजस्थान ने अपना 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
राजस्थान ने चेन्नई को 16वीं बार हराया
राजस्थान रॉयल्स ने इसके साथ ही एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों की लिस्ट में राजस्थान अब पंजाब के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर है। दोनों ही टीमें ने चेन्नई को 16-16 बार हराया। वहीं चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के नाम है। उनकी टीम ने 21 बार मुंबई को हराया है।
बची हुई गेंदों के लिहाज से RR की सबसे बड़ी जीत:
- 2026 में CSK के खिलाफ (47 गेंदें)
- 2014 में RCB के खिलाफ (41 गेंदें)
- 2023 में KKR के खिलाफ (41 गेंदें)
- 2011 में KTK के खिलाफ (35 गेंदें)
- 2008 में CSK के खिलाफ (34 गेंदें)
चेन्नई के बल्लेबाजों ने किया निराश
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, उनका ये फैसला सही साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 6-6 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। मिडिल ऑर्डर में सरफराज खान (17) और कार्तिक शर्मा (18) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। अंत में जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला और पूरी टीम 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में नंद्रे बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके।
वैभव सूर्यवंशी ने लगाया अर्धशतक
128 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत धमाकेदार रही। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 38 गेंदों में 75 रन जोड़कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 17 गेंदों में 52 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। इन पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अंशुल कंबोज ही एकमात्र गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें
संजू सैमसन को 7 साल बाद देखना पड़ा ऐसा दिन, CSK के लिए डेब्यू मैच में ही रहे फ्लॉप
IPL 2026: टूटा 277 मैचों का सिलसिला, CSK फैंस के लिए यकीन करना मुश्किल!
Latest Cricket News