1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रिंकू सिंह के शतक से UP को मिली बंपर जीत, बिहार को पारी और 267 रनों से हराया

रिंकू सिंह के शतक से UP को मिली बंपर जीत, बिहार को पारी और 267 रनों से हराया

उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले ही मैच में बिहार को पारी और 267 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस शानदार जीत में रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों के साथ-साथ करन शर्मा की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।

Rinku Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI रिंकू सिंह

उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले ही मैच में बिहार को बहुत बुरी तरह हरा दिया है। कप्तान आर्यन जुयाल की कप्तानी वाली इस टीम की जीत में रिंकू सिंह और माधव कौशिक ने शानदार शतक लगाकर मजबूत शुरुआत की और फिर गेंदबाज करन शर्मा ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से बिहार की टीम को वापसी का मौका नहीं दिया। यूपी की टीम ने रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में जीत के साथ आगाज किया है।

पहली पारी में यूपी ने बनाया था 540 रन का स्कोर

उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को एकतरफा मुकाबले में पारी और 267 रनों से हरा दिया है। यूपी ने अपनी पहली पारी में 540 रनों का बड़ा स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए बिहार की पूरी टीम को दोनों पारियों में सिर्फ 141 और 132 रनों पर ही ढेर कर दिया। इस तरह यूपी ने यह मैच सिर्फ तीन दिन में ही आसानी से अपने नाम कर लिया। इस मैच में करन शर्मा ने दोनों पारियों को मिलाकर 7 विकेट झटके।

यूपी ने बिहार को दिया फॉलो ऑन

फॉलोऑन खेलने उतरी बिहार की टीम दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाई और सिर्फ 36.4 ओवरों में 132 रन पर ही ढेर हो गई। गेंदबाजी में करन शर्मा ने 17 रन देकर 3 और जीशान अंसारी ने 40 रन देकर 4 विकेट झटककर बिहार की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। बिहार की तरफ से मंगल महरौर ने सबसे ज्यादा 27 रन और कप्तान सकिबुल गनी ने 24 रन बनाए।

टीम के लिए सूरज कश्यप ने 17 गेंदों पर 25 रन की तेज तर्रार पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज मैदान पर टिक नहीं सके। गेंदबाजी में कार्तिक ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 2 विकेट लेकर कुल 6 विकेट अपने नाम किए। जबकि करण ने भी दोनों पारियों में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 7 विकेट अपने नाम किए और यूपी की इस बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।

पहली पारी में भी 141 रन पर सिमट गई थी बिहार की पारी

हालांकि पहली पारी में भी बिहार की टीम सिर्फ 141 रन पर सिमट गई थी, जिसमें कार्तिक और करण ने 4-4 विकेट हासिल किए थे। पहली पारी में बिहार के लिए महरौर ने सबसे ज्यादा 25 और श्रमण निग्रोध ने 23 रन बनाए। इस बड़ी जीत के साथ उत्तर प्रदेश को बोनस अंक मिलाकर कुल 7 पॉइंट्स मिल गए हैं। अब यूपी की टीम अपना अगला मैच 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ खेलेगी, क्योंकि इस टूर्नामेंट के पहले चरण में सभी टीमें 4-4 मुकाबले खेलेंगी।

यह भी पढ़ें

ODI और टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने किया स्क्वॉड का ऐलान, जोफ्रा आर्चर को नहीं मिली जगह

युवराज सिंह बने दिल्ली कैपिटल्स के बैटिंग कोच, IPL 2027 में एक साथ नजर आएगी दादा-युवी की जोड़ी

Latest Cricket News