T20 WC से बाहर होते ही कोच बदले, अब क्या बदलेगा कप्तान? अफगानिस्तान में बदलाव की आहट
T20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम कुछ खास नहीं कर पाई। राशिद खान की कप्तानी में अफगान टीम ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन न कर पाने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट में बदलाव की आहट तेज हो गई है। टीम के लगातार बड़े टूर्नामेंट्स में गहराई तक न पहुंच पाने के बाद अब कप्तानी पर भी सवाल उठने लगे हैं। अफगान क्रिकेट बोर्ड यानी ACB) नेतृत्व में बदलाव पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
राशिद की कप्तानी पर उठे सवाल
दुनिया के बेहतरीन टी20 गेंदबाजों में गिने जाने वाले राशिद खान 2019 में पहली बार T20 कप्तान बनाए गए थे। हालांकि, 2021 T20 वर्ल्ड कप से पहले चयन को लेकर मतभेद के चलते उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। बाद में 2022 T20 वर्ल्ड कप के बाद मोहम्मद नबी के पद छोड़ने पर उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
बोर्ड को उम्मीद थी कि राशिद की अगुवाई में टीम ICC और ACC टूर्नामेंट्स में बड़ी छलांग लगाएगी, लेकिन हालिया प्रदर्शन उन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। टीम न सिर्फ T20 वर्ल्ड कप में जल्दी बाहर हुई, बल्कि एशिया कप में भी दूसरे राउंड तक नहीं पहुंच सकी।
कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव
टीम के प्रदर्शन के बाद ACB ने मैनेजमेंट में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। वर्ल्ड कप से पहले टोबी रैडफोर्ड को बल्लेबाजी कोच बनाया गया था। वहीं, T20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद लंबे समय से जुड़े कोच जोनाथन ट्रॉट की जगह रिचर्ड पायबस को हेड कोच नियुक्त किया गया। ACB के CEO नसीब खान ने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि हम टीम के भीतर सुधार पर विचार कर रहे हैं। अगर आप भविष्य के लिए टीम बना रहे हैं, तो बदलाव अनिवार्य हैं। हमने हेड कोच, बैटिंग कोच और ट्रेनर बदले हैं। टीम के भीतर भी इसी तरह के बदलाव हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि कप्तानी को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
श्रीलंका सीरीज पर अनिश्चितता
अफगानिस्तान मार्च में यूएई में श्रीलंका के खिलाफ तीन ODI और तीन T20I मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज की मेजबानी करने वाला है। T20 मुकाबले शारजाह में 13, 15 और 17 मार्च को होंगे, जबकि ODI 20, 22 और 25 मार्च को दुबई में खेले जाएंगे।
नसीब खान ने बताया कि श्रीलंका सीरीज के बाद रिचर्ड पायबस टीम से जुड़ेंगे और हाई परफॉर्मेंस सेंटर के लिए नई मैनेजमेंट टीम बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 और 2028 वर्ल्ड कप की तैयारियां अभी से शुरू करने की योजना है। हालांकि, मौजूदा भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए UAE में सीरीज के आयोजन को लेकर हल्की अनिश्चितता बनी हुई है। नसीब ने कहा कि अगर हालात सामान्य रहे, तो हम निश्चित रूप से सीरीज आगे बढ़ाएंगे।
क्या बदलेगा कप्तान?
ACB की नजर जून में होने वाले भारत दौरे से पहले टीम को स्थिर करने पर है। फिलहाल अफगानिस्तान क्रिकेट में बदलाव की बयार चल रही है। अब देखना होगा कि क्या यह बदलाव सिर्फ सपोर्ट स्टाफ तक सीमित रहेगा या टीम की कमान भी किसी नए चेहरे को सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें:
'पाकिस्तानी खिलाड़ियो पर जुर्माना कम', अफरीदी की PCB से बड़ी मांग, कहा- सजा सख्त होनी चाहिए
UAE में बढ़ते तनाव का असर, इंग्लैंड लॉयन्स का दौरा रद्द, महिला टीम का ट्रेनिंग कैंप भी टला
