आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच नॉर्दर्न आयरलैंड के ब्रेडी क्रिकेट क्लब में खेला गया। इस मैच में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को 92 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। अफगानी टीम की इस जीत में सबसे अहम योगदान स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने दिया। उन्होंने इस मैच में 6 विकेट हॉल लेकर एक बड़ा कारनामा किया है। बारिश की वजह से ये मुकाबला 47-47 ओवर का खेला गया। जहां पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 299 रन बनाए। जवाब में आयरलैंड की टीम 207 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
राशिद खान ने 6 विकेट हॉल लेकर किया बड़ा कारनामा
राशिद खान ने इस मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7.4 ओवर में 34 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किया। यह वनडे क्रिकेट में राशिद खान का तीसरा 6 विकेट हॉल है। इसके साथ ही वनडे में उन्होंने सबसे ज्यादा 6 विकेट हॉल लेने के मामले में चामिंडा वास, ट्रेंट बोल्ट, इमरान ताहिर जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया है। इन सभी ने ODI में दो बार छह विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। इस लिस्ट में टॉप पर पाकिस्तान के वकार यूनिस का नाम है। उन्होंने 5 बार 6 विकेट हॉल लिया है। राशिद इससे पहले द हंड्रेड में खेल रहे थे और वहां भी उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की थी।
आयरलैंड की तरफ से केड कारमाइकल ने बनाए सबसे अधिक रन
300 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड टीम के बल्लेबाज ने इस मैच में खुद को सरेंडर कर दिया। केड कारमाइकल को छोड़कर उनका कोई भी बल्लेबाज मैदान पर टिक नहीं सका। कारमाइकल ने एक छोर संभाले रखा और अकेले दम पर 66 गेंदों में 62 रन की अहम पारी खेली। उनके अलावा एंडी बालबर्नी (36 रन), बेन क्लिट्ज (27 रन) और कर्टिस कैंफर व लॉरकैन टकर (23-23 रन) ही थोड़ा बहुत योगदान दे पाए, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था और आयरलैंड लक्ष्य से काफी पीछे रह गई।
इब्राहिम जादरान ने खेली 84 रनों की पारी
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। टीम की तरफ से इब्राहिम जादरान ने सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए, जबकि सेदीकुल्लाह अटल ने भी 45 रनों की अहम पारी खेली। इसके अलावा हशमतुल्लाह शाहिदी (36), रहमानुल्लाह गुरबाज (32), रहमत शाह (30) और अजमतुल्लाह ओमरजई ने भी कुछ अहम पारियां खेली। वहीं आयरलैंड की गेंदबाजी की बात करें, तो मार्क अडायर और जय मुंद्रा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि गैविन होए, हैरी ट्रैक्टर और कर्टिस कैंफर को 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलियन अवॉर्ड्स में दिखा ट्रैविस हेड का जलवा, लगातार दूसरी बार जीता एलन बॉर्डर मेडल
भारतीय मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम ने इंग्लैंड को दी दूसरे टी20 मैच में रोमांचक मात, 6 रन से जीता मुकाबला
Latest Cricket News