इंटरनेशनल क्रिकेट से एक और खिलाड़ी ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि साउथ अफ्रीका के शानदार बल्लेबाजों में से एक रासी वैन डेर डुसेन हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा खत लिखकर इस बात का ऐलान किया। रासी वैन डेर डुसेन ने अचानक क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है।
सोशल मीडिया पर किया रिटायरमेंट का ऐलान
रासी वैन डेर डुसेन ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वे बहुत गर्व और कृतज्ञता से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रोटीज यानी साउथ अफ्रीका की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है, समर्पण के उस स्तर की मांग करती है जो आपकी परीक्षा भी लेती है और आपको अविश्वसनीय तरीके से पुरस्कृत भी करती है।उनका कहना है कि अपने देश के लिए खेलना जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने अपने चार भाईयों का भी जिक्र किया साथ ही क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों का भी नाम लिया है।
वनडे के शानदार खिलाड़ी रहे हैं रॉसी
रासी वैन डेर डुसेन का वनडे में एक वक्त औसत करीब 60 का था, जिसे बहुत अच्छा माना जाता है, हालांकि अब रिटायरमेंट से पहले उनका औसत करीब 50 का है। रासी का करियर काफी देर से शुरू हुआ। जब वे करीब 29 साल के थे, जब उन्होंने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। लेकिन अपने शानदार खेल की बदौलत वे जल्द ही साउथ अफ्रीका की टीम के परमानेंट मैंबर बन गए। साल 2023 के वनडे विश्व कप में उन्होंने कुछ कमाल की पारियां खेली थीं। उनके बल्ले से दो शतक आए थे। उनकी इन्हीं पारियों की बदौलत टीम सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में कामयाब रही थी।
टी20 लीग में भी बनाई अपनी पहचान
भले ही रासी वैन डेर डुसेन टी20 में अपनी बहुत ज्यादा धाक ना जमा पाए हों, लेकिन वे दुनियाभर की लीग का भी हिस्सा रहे हैं। यहां तक कि वे साउथ अफ्रीका को भी इस फॉर्मेट में कई मैच जिता चुके हैं। कुछ वक्त के लिए वे आईसीसी की टी20 रैंकिंग में भी टॉप 10 में आए थे। आईपीएल में भी वे राजस्थान रॉयल्स की टीम के हिस्सा रहे। तीन मैच खेलकर उन्होंने 22 रन बनाने का काम किया है। अब देखना होगा कि रासी क्या टी20 लीग खेलते हैं या फिर इससे भी दूरी बनाते हैं।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: क्या है सुपर 6 फॉर्मेट, 24 साल बाद लौटेगा पुराना रोमांच, विस्तार से समझिए
फखर जमां अब बगावत पर उतरे, बॉल टैंपरिंग मामले में दी PCB को चुनौती
Latest Cricket News