इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मुकाबले के साथ होगा। दोनों टीमों के बीच में ये मैच आरसीबी के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जिनको आईपीएल में अपना पहला खिताब जीतने के लिए 18 साल लंबा इंतजार करना पड़ा उनके लिए इस बार सबसे बड़ी चुनौती इस टाइटल को डिफेंड करने की रहने वाली है, जिसमें ये काम आरसीबी के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है। रजत पाटीदार जिनकी कप्तानी में आरसीबी ने पहला आईपीएल खिताब जीता वह इस बार भी टीम की कमान को संभालने वाले हैं, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें विराट कोहली पर रहेगी क्योंकि उनका बल्ला यदि चलता है तो आरसीबी का बेहतर प्रदर्शन करना तय माना जा सकता है। अभी तक आईपीएल इतिहास में सिर्फ 2 ही टीमें ऐसी रही हैं जो टाइटल को डिफेंड करने में कामयाब हो सकी हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने किया इस काम को सबसे पहले
आईपीएल इतिहास की सबसे मजबूत टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स को लगभग हर सीजन में खिताब जीतने के प्रबल दावेदारों में शुमार किया जाता रहा है। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह एमएस धोनी रहे हैं जिनकी कप्तानी का जलवा आईपीएल में भी जमकर देखने को मिला है। धोनी की कप्तानी में ही सीएसके आईपीएल इतिहास की पहली ऐसी टीम बनी थी जो लगातार 2 सीजन खिताब जीतने में सफल हो सकी थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने जहां साल 2010 में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी तो साल 2011 में भी वह इसे दोहराने में कामयाब रहे थे।
मुंबई इंडियंस ने भी लगातार 2 सीजन जीती ट्रॉफी
चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की गिनती आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में की जाती है, जिसमें दोनों ने ही संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया है। मुंबई इंडियंस को अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने के लिए लंबा इंतजार तो करना पड़ा लेकिन साल 2019 में जब मुंबई इंडियंस ने चौथी बार इस खिताब को जीता तो वहीं 2020 में भी टाइटल को डिफेंड करने के साथ इसे अपने नाम करने में कामयाब रही थी।
ये भी पढ़ें
IPL 2026 इन 5 भारतीय खिलाड़ियों के लिए रहेगा बेहद अहम, टीम इंडिया में पहुंचने का खुल सकता है रास्ता
IPL 2026: RCB का स्टार खिलाड़ी पहले मुकाबले से रहेगा बाहर, अभी तक नहीं हो सका पूरी तरह फिट
Latest Cricket News