1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 इन 5 भारतीय खिलाड़ियों के लिए रहेगा बेहद अहम, टीम इंडिया में पहुंचने का खुल सकता है रास्ता

IPL 2026 इन 5 भारतीय खिलाड़ियों के लिए रहेगा बेहद अहम, टीम इंडिया में पहुंचने का खुल सकता है रास्ता

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Mar 27, 2026 04:28 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 04:28 pm IST

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा जिसमें कई भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जहां नजरें रहेंगी, तो वहीं कुछ नाम ऐसे भी हैं जिनके लिए ये सीजन टीम इंडिया में पहुंचने का रास्ता भी खोल सकता है।

Vaibhav Sooryavanshi, Zeeshan Ansari And Auqib Nabi Dar- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी, जीशान अंसारी और आकिब नबी डार Image Source : AFP/PTI

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होगा जिसमें पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल 2026 में कई बड़े भारतीय खिलाड़ी जहां अपने प्रदर्शन से एकबार फिर से सभी का ध्यान खींचने की कोशिश करेंगे तो वहीं कुछ ऐसे भी नाम हैं जिनको लेकर जो चर्चा में काफी रहें और अब उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। इन युवा प्लेयर्स के पास आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया में पहुंचने का रास्ता भी खुल सकता है, ऐसे में हम आपको उन टॉप-5 भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनको लेकर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं।

1 - आकिब नबी डार (दिल्ली कैपिटल्स)

जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में सबसे ज्यादा अहम योगदान 29 साल के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार का रहा था। आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन में कुल 10 मुकाबलों में खेलते हुए 12.72 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 60 विकेट अपने नाम किए। आकिब नबी के शानदार प्रदर्शन के चलते आईपीएल 2026 सीजन के मिनी प्लेयर ऑक्शन में उनको अपने स्क्वाड में शामिल करने की होड़ भी फ्रेंचाइजियों के बीच देखने को मिली थी, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स बाजी मारने में कामयाब रही थी। आकिब नबी डार को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में अपना हिस्सा बनाया था। ऐसे में आकिब के पास अब आईपीएल एक ऐसा मंच है जहां से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर टीम इंडिया में अपने पहुंचने का रास्ता खोल सकते हैं।

2 - अशोक शर्मा (गुजरात टाइटंस)

घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलने वाले 23 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा आईपीएल 2026 के सीजन में गुजरात टाइटंस के स्क्वाड का हिस्सा हैं जिसमें उन्हें फ्रेंचाइजी ने 90 लाख रुपये में ऑक्शन में लिया था। अशोक शर्मा को लेकर बात की जाए तो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में वह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 22 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। अशोक शर्मा इससे पहले आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था। ऐसे में इस सीजन उनके फॉर्म को देखते हुए डेब्यू करना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं अशोक के पास ऐसे में अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में पहुंचने का रास्ता खोल सकते हैं।

3 - जीशान अंसारी (सनराइजर्स हैदराबाद)

सनराइजर्स हैदराबाद टीम जो अपने खतरनाक बल्लेबाजी क्रम से दूसरी टीमों के गेंदबाजों में खौफ बनाकर रखती है, उनके स्क्वाड में शामिल 26 के लेग स्पिनर जीशान अंसारी के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी अहम रहने वाला है। जीशान को पिछले आईपीएल सीजन डेब्यू करने का मौका मिला था, लेकिन वह किसी को भी प्रभावित करने में कामयाब नहीं हो सके थे। ऐसे में जीशान जो साल 2016 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा थे, उनके लिए ये आईपीएल सीजन काफी अहम रहने वाला। जीशान ने साल 2025-26 के घरेलू क्रिकेट में भी यूपी के लिए खेलते हुए गेंद से अच्छा फॉर्म दिखाया था, जिसके बाद उनको बस उसी फॉर्म को जारी रखना है।

4 - विहान मल्होत्रा (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)

पंजाब से आने वाले 19 साल के युवा ऑलराउंडर खिलाड़ी विहान मल्होत्रा अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा थे। विहान का टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला था। आईपीएल में वह डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्क्वाड का हिस्सा हैं, जिसमें उन्हें ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने 30 लाख रुपये बेस प्राइस में खरीदा था। विहान मल्होत्रा के लिए ये काफी बड़ा टूर्नामेंट रहने वाला है, जिसमें यदि उनको प्लेइंग 11 में खेलने का मौका मिलता है तो उनके पास खुद को इस बड़े मंच पर साबित करने का एक बेहतरीन मौका रहने वाला है।

5 - वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)

आईपीएल 2026 के सीजन में जिस एक खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं, वह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं। आईपीएल के पिछले सीजन में डेब्यू करने वाले वैभव ने कुल 7 मैच खेले थे, जिसमें वह एक शतकीय और अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे थे। वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर जिस तरह से विपक्षी टीमों के गेंदबाजों पर दबाव बनाया था, उसके चलते उनके खिलाफ रणनीति बनाना थोड़ा मुश्किल काम दिखा। इस आईपीएल सीजन अब सभी टीमें वैभव के खिलाफ अपनी तैयारी के साथ मैदान पर उतरने वाली हैं, ऐसे में वह किस तरह से प्रदर्शन करते हैं वह काफी मायने रखने वाला है, क्योंकि यहां से उनके लिए टीम इंडिया में पहुंचने का रास्ता भी खुल सकता है।

ये भी पढ़ें

Vaibhav Sooryavanshi Birthday: IPL और U19 क्रिकेट में मचाया तहलका, अब वैभव के लिए खुला टीम इंडिया का दरवाजा

RCB vs SRH: बेंगलुरु और हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन रेडी, कौन होगा इम्पैक्ट प्लेयर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल