शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2026) के 15वें मुकाबले में वेस्टइंडीज चैंपियंस के खिलाफ टीम इंडिया की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप नजर आई। कैरेबियाई गेंदबाजों के आगे भारतीय दिग्गज बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह बिखर गए और टीम बड़ी मुश्किल से 20 ओवर में 8 विकेट पर 110 रन ही बना सकी। इस मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था जो उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित कर दिखाया। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम 4 मैचों में एक जीत के साथ पांचवें नंबर पर है।
नमन ओझा और अंबाती रायुडू बिना खाता खोले हुए आउट
टीम इंडिया पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और ओपनर नमन ओझा बिना खाता खोले ही आउट हो गए। वहीं अनुभवी रॉबिन उथप्पा ने टिकने की कोशिश की और 16 गेंदों पर 19 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 1 छक्का शामिल था। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए रायुडू गोल्डन डक बनाकर आउट हो गए। टीम के कप्तान युवराज सिंह से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनका बल्ला भी नहीं चला और वह सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। स्टुअर्ट बिन्नी भी 1 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए। इस मुकाबले में भारत का टॉप आर्डर पूरी तरह से फ्लॉप रहा।
लोअर ऑर्डर के बल्लेबाजों ने खेली अहम पारी
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 100 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने किसी तरह पारी को संभाला। ऋषि धवन ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 32 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे। वहीं, हरभजन सिंह ने अंत में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था। युसूफ पठान ने 11 रन और पीयूष चावला ने 7 रनों का योगदान दिया, जबकि धवल कुलकर्णी 2 रन बनाकर नाबाद रहे। अतिरिक्त के रूप में टीम को 4 रन मिले, जिसके दम पर भारत 8 विकेट के नुकसान पर 110 के स्कोर तक पहुंच पाया। वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में रायद एमरिट ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके, जबकि फिडेल एडवर्ड्स, शेल्डन कॉटरेल, रेमन राइफर, कार्लोस ब्रेथवेट और निकिता मिलर को 1-1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें
लिटन दास ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक ही टेस्ट में बनाए 150+ रन और विकेट के पीछे किए 9 शिकार
साहिबजादा फरहान ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, लेकिन पाक टीम को तीसरे टी20 में मिली बड़ी हार