महिला प्रीमियर लीग का चौथा सीजन साल 2026 में खेला जाएगा, जिसको लेकर अभी मेगा प्लेयर ऑक्शन का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 5 नवंबर को सभी पांच फ्रेंचाइजियों ने अपने रिटेन किए जाने वाले प्लेयर्स के नामों की लिस्ट का ऐलान कर दिया है। इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम ने ऑक्शन से पहले चार प्लेयर्स को रिटेन किया है, जिसमें स्मृति मंधाना, एलिस पेरी, ऋचा घोष और श्रेयंका पाटिल का नाम शामिल है। वहीं आरसीबी ने अपनी महिला टीम के नए हेड कोच के नाम का भी ऐलान अब कर दिया है, जो आगामी सीजन से अपनी इस जिम्मेदारी को संभालते हुए नजर आएंगे।
मालोलन रंगराजन संभालेंगे हेड कोच की जिम्मेदारी
आरसीबी फ्रेंचाइजी ने अपनी महिला टीम के हेड कोच के तौर पर अब इस जिम्मेदारी को फ्रेंचाइजी के साथ पिछले 6 सालों से सपोर्ट स्टाफ में जुड़े मालोलन रंगराजन को सौंपी है। वह आरसीबी महिला टीम को उनके पहले WPL टाइटल को जिताने वाले ल्यूक विलियम्स की जगह लेंगे, जिन्होंने कोचिंग में अपनी दूसरी जिम्मेदारियों को देखते हुए इस पद को छोड़ने का फैसला लिया था। मालोलन रंगराजन इससे पहले आरसीबी महिला टीम के लिए स्काउटिंग के प्रमुख थे साथ ही उन्होंने साल 2025 में टीम के लिए सहायक कोच की भूमिका भी अदा की थी।
मालोलन रंगराजन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 47 मैच खेले हैं, जिसमें वह 136 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं और इसके साथ 1379 रन भी बनाए हैं। मालोलन रंगराजन ने अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर के दौरान तमिलनाडु, उत्तराखंड और साउथ जोन टीम की तरफ से खेला है।
आन्या श्रुबसोल भी हैं कोचिंग स्टाफ का हिस्सा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम के लिए WPL 2025 का सीजन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं था, जिसके बाद उनके कोचिंग स्टाफ में बदलाव की उम्मीद की जा रही थी। आरसीबी ने अगले सीजन के लिए अपने सपोर्ट स्टाफ में इंग्लैंड की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुकी आन्या श्रुबसोल को भी जोड़ा है। उनके आने से टीम के गेंदबाजों को काफी मदद मिलेगी, जिसमें उनका अनुभव आगामी सीजन में आरसीबी महिला टीम के गेंदबाजों के लिए अहम रहने वाला है।
ये भी पढ़ें
बिकने वाली है विराट कोहली की RCB, फ्रेंचाइजी ने किया बड़ा खुलासा
WPL 2026 Retention Players List: WPL खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी, WC की हीरो नहीं हुई रिटेन
Latest Cricket News