A
Hindi News खेल क्रिकेट RCB ने दूसरी बार जीता WPL का खिताब, फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया ऐतिहासिक रन चेज

RCB ने दूसरी बार जीता WPL का खिताब, फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया ऐतिहासिक रन चेज

WPL Final 2026: आरसीबी महिला टीम ने स्मृति मंधाना की कप्तानी में विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 6 विकेट से मात देने के साथ दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम कर लिया है।

Smriti Mandhana And Georgia Voll- India TV Hindi Image Source : AFP स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल

विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिकॉर्ड 204 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच में आरसीबी को जीत दिलाने में उनकी कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की जिसमें दोनों के बीच में दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी देखने को मिली, जिसने इस मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। स्मृति मंधाना के बल्ले से 87 तो वहीं जॉर्जिया वॉल ने 79 रनों की पारी खेली। आरसीबी ने इस टारगेट को 19.4 गेंदों में हासिल कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स इसी के साथ विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में लगातार चारों सीजन फाइनल मुकाबले में पहुंचने के बाद भी ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो सकी।

स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की साझेदारी ने मुकाबला किया एकतरफा

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के फाइनल मुकाबले में आरसीबी महिला टीम की शुरुआत 204 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए अच्छी नहीं रही, जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट दूसरे ओवर की पहली गेंद पर ग्रेस हैरिस के रूप में 9 के स्कोर पर गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी जॉर्जिया वॉल ने एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया जिससे स्मृति मंधाना के ऊपर से दबाव पूरी तरह से हट गया था। आरसीबी महिला टीम ने 6 ओवर्स का खेल खत्म होने पर एक विकेट के नुकसान पर 59 रन बना लिए थे। यहां से मंधाना और वॉल ने रनों की गति धीमे नहीं पड़ने दी और तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा।

जॉर्जिया वॉल और स्मृति मंधाना के बीच दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 92 गेंदों में 165 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जो WPL के इतिहास में अभी तक किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी थी। वॉल इस मैच में 54 गेंदों में 14 चौके लगाने के साथ 79 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटी। वहीं स्मृति मंधाना टीम को जीत दिलाने से थोड़ा पहले 41 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के लगाकर 87 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठी।

राधा यादव ने लगातार 2 चौके लगाकर दिलाई रोमांचक जीत

आरसीबी की टीम ने 19 ओवर्स का खेल खत्म होने पर चार विकेट के नुकसान पर 194 रन बना लिए थे, जिसमें उन्हें आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रनों की दरकार थी। इस ओवर की पहली दो गेंदों पर सिर्फ दो रन आए। इसके बाद तीसरी गेंद पर राधा यादव ने चौका लगाने के साथ टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया और अगली गेंद पर फिर से राधा ने चौका लगाने के साथ अपनी टीम को एक शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की।

ये भी पढ़ें

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का हुआ बुरा हाल, चेहरे पर लगी ऐसी चोट कि पहचानना भी हुआ मुश्किल

बांग्लादेश की जगह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिला खेलने का मौका, अब स्कॉटलैंड टीम के कप्तान ने दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News