1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रिकी पोंटिंग ने इस प्लेयर को बताया भविष्य का बेस्ट ऑलराउंडर खिलाड़ी, WTC Final में दिखाया है गेंद से कमाल

रिकी पोंटिंग ने इस प्लेयर को बताया भविष्य का बेस्ट ऑलराउंडर खिलाड़ी, WTC Final में दिखाया है गेंद से कमाल

WTC Final: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीकी टीम के खिलाड़ी मार्को यानसन का गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। वहीं अब यानसन को लेकर वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रिकी पोंटिंग ने एक बड़ी भविष्यवाणी भी कर दी है।

Marco Jansen- India TV Hindi
Image Source : GETTY मार्को जानेसन

वर्ल्ड क्रिकेट की नजरें अभी लॉर्ड्स के मैदान पर चल रहे साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई है। वहीं इसी बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने अफ्रीकी टीम के तेज गेंदबाज मार्को यानसन की जमकर तारीफ की है। डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच में यानसन ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को 212 के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका अदा की थी, जिसमें उन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए थे। रिकी पोंटिंग ने यानसन की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों की तारीफ करते हुए उन्हें भविष्य का बेस्ट ऑलराउंडर खिलाड़ी भी बताया।

अगले कुछ सालों में यानसन टेस्ट में बेस्ट ऑलराउंडर प्लेयर्स में से एक होंगे

रिकी पोंटिंग ने आईसीसी को दिए अपने बयान में साउथ अफ्रीकी टीम के खिलाड़ी मार्को यानसन को लेकर कहा "उन पर किसी भी हालात का ज्यादा असर नहीं होता। चाहे उनका दिन अच्छा हो या खराब, यानसन हमेशा एक जैसे रहते हैं। डब्ल्यूटीसी फाइनल के दूसरे दिन फील्डिंग के दौरान यानसन को उंगली में चोट लगी थी, इसके बावजूद वह जल्दी ही गेंदबाजी के लिए लौट आए और मार्नश लाबुशेन का अहम विकेट भी हासिल किया। इससे साफ पता चलता है कि चोट के बावजूद यानसन ने हार नहीं मानी और अपना पूरा ध्यान इस मुकाबले पर लगाकर रखा। यानसन मानसिक तौर पर काफी मजबूत खिलाड़ी हैं और मैदान पर उतरने के साथ वह अपना 100 फीसदी देने का लगातार प्रयास करते हैं। वह अभी काफी युवा हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले सालों में यानसन टेस्ट फॉर्मेट के बेस्ट ऑलराउंडर प्लेयर्स में से एक होंगे।"

मुझे उनके साथ काम करके अच्छा लगा

मार्को यानसन हाल में ही खत्म हुए आईपीएल 2025 के सीजन में रनरअप टीम पंजाब किंग्स की तरफ से खेल रहे थे, जिसमें वह लीग स्टेज के मैच खत्म होने के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले की तैयारी के लिए वापस अपने देश लौट गए थे। रिकी पोंटिंग पंजाब किंग्स टीम के हेड कोच हैं जिसमें उन्होंने मार्को यानसन के टैलेंट को काफी करीब से देखा और अपने बयान में उन्होंने इसको लेकर भी कहा "उनकी प्रतिभा काफी खास है और वह अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। मुझे उनके साथ काम करके बहुत अच्छा लगा।”

ये भी पढ़ें

पहली बार इस लीग में खेलेंगे पाकिस्तान के बाबर आजम, फ्रेंचाइजी ने खुद किया बड़ा ऐलान

इस वजह से नर्वस थे भारतीय बॉलिंग कोच, टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय प्लेयर्स को खास सलाह

Latest Cricket News