A
Hindi News खेल क्रिकेट IND vs AUS: रोहित शर्मा ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम, बने पहले एशियाई बल्लेबाज, गिलक्रिस्ट-गांगुली छूटे पीछे

IND vs AUS: रोहित शर्मा ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम, बने पहले एशियाई बल्लेबाज, गिलक्रिस्ट-गांगुली छूटे पीछे

IND vs AUS: एडिलेड में रोहित शर्मा के बल्ले से शानदार अर्धशतक निकला। इस पारी के दौरान उन्होंने 2 बेहतरीन छक्के भी जड़े। इसके साथ ही उन्होंने SENA देशों में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

IND vs AUS- India TV Hindi Image Source : AP श्रेयस अय्यर और रोहित शर्मा

IND vs AUS, 2nd ODI: रोहित शर्मा ने पर्थ में खेले गए पहले ODI से इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबे समय बाद वापसी की। हालांकि, उनकी वापसी फीकी रही। ऑस्ट्रेलिया दौरे का आगाज करते हुए रोहित पहले ODI में सिर्फ 8 रन बनाए। इसके बाद फैंस को दूसरे ODI में पूर्व भारतीय कप्तान से काफी उम्मीदें थी। रोहित ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और एडिलेड में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए फैंस को जश्न मनाने का मौका दे दिया। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

रोहित शर्मा ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड

दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया का आगाज बेहद धीमा रहा। रोहित और गिल ने संभलकर खेलते हुए पहले 6 ओवर में सिर्फ 17 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। हालांकि, अगले ही ओवर में कप्तान शुभमन गिल (9) और विराट कोहली डक पर पवेलियन लौट गए। एक ही ओवर में 2 विकेट गिरने के बाद रोहित ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा और फिर 19वें ओवर में मिचेल ओवेन की पहली गेंद पर छक्का जड़ते हुए अय्यर के साथ 50 रन की साझेदारी पूरी कर ली। इस तरह रोहित ने बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। रोहित ने इस छक्के की बदौलत SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में 150 सिक्स पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले पहले एशियन बल्लेबाज हैं।

रोहित ने गिलक्रिस्ट और गांगुली को पछाड़ा

रोहित शर्मा 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 शानदार छक्के जड़े। इस अर्धशतकीय पारी के दौरान रोहित शर्मा ने अपना खाता खोलते ही सौरव गांगुली को पछाड़ने का कारनामा किया। पहला रन लेने के साथ ही रोहित ODI में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सौरव गांगुली से आगे निकल गए। इसके बाद जब हिटमैन 54 रन के स्कोर पर पहुंचे तो एडम गिलक्रिस्ट को पीछे कर दिया। अब रोहित शर्मा ODI में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। रोहित से आगे अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या और क्रिस गेल हैं।

बतौर ओपनर ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • सचिन तेंदुलकर - 15310 
  • सनथ जयसूर्या - 12740
  • क्रिस गेल - 10179
  • रोहित शर्मा - 9219
  • एडम गिलक्रिस्ट - 9200
  • सौरव गांगुली - 9146

यह भी पढ़ें

IND vs AUS: प्लेइंग इलेवन में हुए 3 बड़े बदलाव, एक बार फिर टीम इंडिया की पहले बल्लेबाजी

इस गेंदबाज ने बल्लेबाजी में रच दिया अनोखा कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ उसी के घर में धरदबोचा

Latest Cricket News