भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसको लेकर वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट मैच खत्म होने के बाद टीम इंडिया की स्क्वाड का पहला बैच ऑस्ट्रेलिया के लिए 14 अक्टूबर को रवाना हो गया। इस वनडे सीरीज में सभी की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं, जो लंबे समय के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हुए नजर आएंगे। रोहित जो आगामी वनडे सीरीज में बतौर कप्तान नहीं सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर खेलते हुए नजर आएंगे उनका एक वीडियो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होने से पहले खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह विराट कोहली से मिलते हुए दिखाई दिए हैं।
रोहित ने विराट को देखते हुए दिया ये रिएक्शन
भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेले जाने वाली वनडे सीरीज के लिए पहला बैच 14 अक्टूबर को दिल्ली से रवाना हुआ, जिसमें टीम जब होटल से बस में बैठकर एयरपोर्ट के लिए रवाना होने जा रही थी, तो उसी समय रोहित शर्मा जब बस में बैठने जा रहे थे तो उसी समय उन्होंने कोहली को देखा जो बस में आगे बैठे हुए थे। इसके बाद रोहित ने झुकते हुए उन्हें मजाकिया अंदाज में सलाम किया। रोहित की इस हरकत को देखने के बाद विराट कोहली के चेहरे पर भी हंसी थी और वह ताली बजाते हुए दिखाई दिए। कोहली के साथ बस के अंदर श्रेयस अय्यर बैठे हुए थे, जिनको इस वनडे सीरीज के लिए उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिली हुई है।
वनडे में दोनों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा रहा है रिकॉर्ड
रोहित शर्मा और विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह काफी शानदार देखने को मिला है। रोहित शर्मा ने अब तक वनडे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 46 मैच खेले हैं, जिसमें वह 57.31 के औसत से कुल 2407 रन बनाने में कामयाब हुए हैं। वहीं वनडे में रोहित के बल्ले से कंगारू टीम के खिलाफ 8 शतकीय और 9 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने 50 मैच खेले हैं और उसमें 54.47 के औसत से 2451 रन बनाए हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs AUS: रोहित-कोहली को खेलते हुए देखने का हो सकता है आखिरी मौका, कमिंस के बयान ने सभी को चौंकाया
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले रोहित और कोहली को करारा झटका, शुभमन गिल की कुर्सी पर भी मंडराया खतरा
Latest Cricket News