रोहित शर्मा जिनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनका बल्ला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में जमकर बोलता हुआ दिखाई दिया। रोहित पर्थ में खेले गए पहले मैच में तो कुछ खास नहीं कर पाए लेकिन इसके बाद एडिलेड वनडे में उनके बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली जिसके बाद सिडनी में खेले गए इस सीरीज आखिरी वनडे मैच में रोहित ने शतकीय पारी खेलने के साथ अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया। रोहित ने सिडनी वनडे मैच में 121 रनों की नाबाद पारी खेली जिसके साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए तो वहीं उनका मुकाबला खत्म होने के बाद एक बड़ा बयान भी सामने आया।
आपको हालात को समझना होगा
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी वनडे मैच जीतने के बाद रोहित शर्मा ने ब्रॉडकास्टर को दिए अपने बयान में कहा कि आप यहां आकर इस तरह के मुकाबलों की उम्मीद करते हैं, क्योंकि आपके लिए ये परिस्थितियां आसान नहीं हैं और गेंदबाज भी काफी बेहतरीन हैं। आपको हालात को बेहतर तरीके से समझना होगा जिसमें आप क्या कर सकते हैं। मेरी कोशिश यही रहती है कि जब भी मौका मिले मैं उसका पूरा फायदा उठा सकूं। मैं पिछले काफी लंबे समय से नहीं खेला हूं और यहां आने से पहले मैंने काफी अच्छी तैयारी की थी। मुझे अपने प्रदर्शन को लेकर थोड़ा आत्मविश्वास था, हालांकि हम इस सीरीज को जीत नहीं पाए लेकिन हमारे लिए काफी सकारात्मक चीजें जरूर रही। हमारी टीम में अभी काफी सारे युवा खिलाड़ी हैं, जिनका ये पहला ऑस्ट्रेलिया का दौरा है।
हम जब पहली बार ऑस्ट्रेलिया आए थे तो सीनियर प्लेयर्स ने हमारी काफी मदद की थी और अब ये हमें सुनिश्चित करना है कि हम भी उसी तरह टीम में मौजूद बाकी युवा प्लेयर्स की मदद करें। विदेशी दौरे पर खेलना कभी आसान काम नहीं होता है। इसलिए जो भी थोड़ा-बहुत अनुभव हमें मिला है, उसे आगे बढ़ाना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वह इसे अच्छी तरह से संभालें।
मुझे उम्मीद है कि मैं आगे भी ऐसा ही करता रहूंगा
अपने बयान में रोहित ने आगे कहा कि मुझे ऑस्ट्रेलिया में खेलना काफी पसंद आता है जिसमें सिडनी में क्रिकेट खेलने में काफी मजा आया। मुझे जो करना पसंद है, वह मुझे पसंद है और मुझे उम्मीद है कि मैं आगे भी ऐसा ही करता रहूंगा। पता नहीं हम वापस यहां आएंगे या नहीं लेकिन मैंने हर पल का भरपूर आनंद लिया। इतने सालों में मिली तमाम तारीफों के बावजूद, हमने क्रिकेट खेलने का भरपूर आनंद लिया है। मुझे हमेशा से यहां खेलना पसंद रहा है और मुझे लगता है कि विराट के लिए भी यही होगा। शुक्रिया ऑस्ट्रेलिया।
ये भी पढ़ें
Rohit Sharma: रोहित शर्मा ने पूरा किया खास 'शतक', ODI क्रिकेट में हासिल बड़ा मुकाम
रोहित शर्मा ने जड़े बैक टू बैक अर्धशतक, इंटरनेशनल क्रिकेट में इतनी बार बना चुके फिफ्टी प्लस स्कोर
Latest Cricket News