श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी 2026-27 के अपने पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन जम्मू-कश्मीर का सामना मध्य प्रदेश से हो रहा है। इस मैच में J&K के बॉलर्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मध्य प्रदेश की पूरी टीम को पहले दिन सिर्फ 196 रनों पर समेट दिया। जम्मू-कश्मीर की टीम ने इससे पहले इसी साल अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस मैच में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन तेज गेंदबाज रोहित शर्मा का रहा, जिन्होंने लगभग दो साल बाद रणजी टीम में वापसी करते हुए अकेले पांच विकेट झटके। 32 साल के इस गेंदबाज ने 21.2 ओवरों में सिर्फ 36 रन देकर 5 विकेट लिए।
पारी की शुरुआत से ही शानदार लय में दिखे रोहित शर्मा
श्रीनगर में खेले जा रहे इस मैच में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। तेज गेंदबाज रोहित शर्मा ने शुरुआत में ही दो विकेट लेकर मध्य प्रदेश को दबाव में ला दिया था। हालांकि, इसके बाद मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा और चंचल राठौड़ ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। लेकिन रोहित ने चंचल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। एक छोर से कप्तान शुभम शर्मा टिके रहे और उन्होंने आर्यन पांडे के साथ मिलकर 51 रन जोड़े। अंत में रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे शुभम शर्मा (79 रन) को आउट करके मध्य प्रदेश की पूरी पारी को 196 रनों पर समेट दिया।
सुनील कुमार को भी मिला 4 विकेट
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने भी जम्मू की टीम के लिए बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि आकिब नबी को 1 विकेट मिला। मध्य प्रदेश की पूरी टीम 196 रन पर सिमट गई, जिसमें उनके कप्तान शुभम शर्मा ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने 1 विकेट गंवाकर 3 रन बना लिए थे। जम्मू की तरफ से कामरान इकबाल और वंशज शर्मा बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं शुभम खजुरिया 10 गेंदों में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
रोहित शर्मा का डोमेस्टिक क्रिकेट में रिकॉर्ड
रोहित शर्मा की बात करें तो मध्य प्रदेश के खिलाफ इस मैच से पहले उन्होंने कुल 22 फर्स्ट-क्लास मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 34.66 की औसत से 39 विकेट लिए थे। उनके करियर का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में यह दूसरा पांच विकेट हॉल है। रोहित ने इसके अलावा 8 लिस्ट-ए मैच और 5 टी20 मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने दोनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 8 विकेट लिए हैं। हालांकि टी20 क्रिकेट में उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। इसके अलावा, इस महीने की शुरुआत में उन्हें ईरानी कप के लिए भी जम्मू-कश्मीर की टीम में चुना गया था, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उस मैच में रेस्ट ऑफ इंडिया ने 167 रनों से जीत हासिल की थी।
यह भी पढ़ें
स्टीव स्मिथ ने रच दिया नया इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर बने
अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I में पूरे किए 2000 रन
Latest Cricket News