1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I में पूरे किए 2000 रन

अभिषेक शर्मा ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I में पूरे किए 2000 रन

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 11, 2026 08:06 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 08:06 pm IST

अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 2000 रन पूरे करके नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है। वह 30 बॉल पर 69 रन बनाकर आउट हुए।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
अभिषेक शर्मा Image Source : PTI

इंदौर में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने सबसे कम गेंदों में 2000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेलते हुए जैसे ही अभिषेक ने अपना 33वां रन बनाया, उन्होंने भारत के ही स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। वह T20I में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

1024 गेंदों में अभिषेक शर्मा ने पूरे किए 2000 T20I रन

अभिषेक शर्मा ने मात्र 1024 गेंदों का सामना करके अपने 2000 रन पूरे किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 1164 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच ने 1283 गेंदों में 2000 रन पूरे किए थे। वहीं ग्लेन मैक्सवेल ने 1304 गेंदों में ये कारनामा किया था। वहीं, भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 1390 गेंदों पर और न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट ने 1395 गेंदों पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने दो हजार रन पूरे किए थे।

18 गेंदों में अभिषेक ने पूरा किया अर्धशतक

अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने शमार जोसफ की गेंद पर दो रन लेकर यह मुकाम हासिल किया। इस सीरीज में यह अभिषेक का पहला अर्धशतक है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा यह संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी है। इस मामले में क्विंटन डी कॉक (15 गेंद) और टिम डेविड (16 गेंद) ही उनसे आगे हैं, जबकि डेविड वॉर्नर और कॉलिन मुनरो ने भी विंडीज के खिलाफ 18 गेंदों में ही अर्धशतक लगाने का कारनामा किया था।

अभिषेक शर्मा ने की सूर्यकुमार यादव की बराबरी

T20 क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अभिषेक शर्मा ने सूर्यकुमार यादव के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में छक्कों का तूफान लाते हुए 68 छक्के जड़ दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सूर्यकुमार यादव के 68 छक्कों (साल 2022) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और अब दोनों संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर भी अभिषेक शर्मा का नाम है। उन्होंने साल 2025 में 54 छक्के लगाए थे।

यह भी पढ़ें

सूर्यांश शेडगे का अर्धशतक, गुरजापनीत सिंह ने झटके 3 विकेट, इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

स्टीव स्मिथ ने रच दिया नया इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर बने

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।