1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यांश शेडगे का अर्धशतक, गुरजापनीत सिंह ने झटके 3 विकेट, इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

सूर्यांश शेडगे का अर्धशतक, गुरजापनीत सिंह ने झटके 3 विकेट, इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 11, 2026 05:33 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 05:33 pm IST

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीसरे वनडे में इंडिया ए ने 47.3 ओवर में 275 रन बनाए। इस मैच में प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और ऋतुराज गायकवाड़ अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

Suryansh Shedge- India TV Hindi
सूर्यांश शेडगे Image Source : PTI

पुडुचेरी के सीचम ग्राउंड में इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीसरा अनऑफिशियल वनडे मैच खेला गया। इस मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रनों से हराकर सीरीज में पहली जीत दर्ज की। शुरुआती दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया ए की टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी थी। लेकिन टीम इंडिया ने आखिरी मैच जीतकर अच्छे नोट पर सीरीज का अंत किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए की टीम 47.3 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में ऑस्टेलिया ए की टीम 46.2 ओवर में 226 रन ही बना सकी। इस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ए ने 2-1 से अपने नाम किया।

सूर्यांश शेडगे ने खेली 66 रनों की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन बाद में भारत की पारी लड़खड़ा गई। ओपनर प्रियांश आर्या (49 रन) और प्रभसिमरन सिंह (39 रन) ने मिलकर अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़े। हालांकि, इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (2 रन) और खुद प्रियांश भी आउट हो गए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 33 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। एक समय टीम मुश्किल में थी, तब सूर्यांश शेडगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर ताबड़तोड़ 66 रन बनाए और विपराज निगम ने भी 40 रनों का अहम योगदान दिया। इन पारियों के बावजूद पूरी भारतीय टीम 275 रन पर ही ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बेन ड्वारशुइस और विल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए।

भारत की तरफ से गेंदबाजी में गुरजापनीत सिंह ने झटके 3 विकेट

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया 'ए' की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन पर लगातार दबाव बनाए रखा। इस मैच में कंगारू टीम के लिए जोश फिलिप ने सबसे ज्यादा 56 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि नाथन मैकस्वीनी (39 रन), लाचलान शॉ (31 रन) और निखिल चौधरी (29 रन) ने भी टीम के लिए कुछ उपयोगी रन जोड़े। हालांकि, बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने की वजह से ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई और पूरी मेहमान टीम 46.2 ओवर में सिर्फ 226 रन पर ही सिमट गई। भारत की तरफ से गेंदबाजी में गुरजापनीत सिंह ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, यश ठाकुर और निशांत सिंधु ने 2-2 विकेट लिए, जबकि विपराज निगम और अनुकूल रॉय को 1-1 सफलता मिली।

यह भी पढ़ें

नाथन लियोन ने रचा इतिहास, नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए बनाया अनोखा रिकॉर्ड

रणजी में भारतीय ओपनर्स का फ्लॉप शो, जायसवाल शून्य पर आउट, राहुल का भी नहीं चला बल्ला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।