1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. नाथन लियोन ने रचा इतिहास, नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए बनाया अनोखा रिकॉर्ड

नाथन लियोन ने रचा इतिहास, नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए बनाया अनोखा रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 11, 2026 03:41 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 03:41 pm IST

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन लायन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में नंबर-10 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए 1000 रन का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

Nathan Lyon- India TV Hindi
नाथन लियोन Image Source : PTI

साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 390 रन पर आउट हो गई। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैट रेनशॉ अपना दोहरा शतक बनाने से चूक गए और 190 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, उन्होंने दूसरे खिलाड़ियों के साथ मिलकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान पैट कमिंस ने 43 रन और नाथन लायन ने 27 रनों की शानदार पारी खेली। इस मैच के दौरान नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने उतरे नाथन लायन ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया।

नाथन लियोन ने नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए पूरे किए हजार रन

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में नाथन लायन ने 92 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली और इस दौरान 5 शानदार चौके लगाए। अपनी इस पारी के दम पर लायन ने नंबर-10 पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में 1000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। वह दुनिया के ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 10वें नंबर पर बैटिंग करते हुए 1000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी स्टुअर्ट ब्रॉड दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने नंबर 10 पर बैटिंग करते हुए 825 रन बनाए थे।

गेंदबाजी में भी नाथन लियोन का रिकॉर्ड है शानदार

नाथन लायन के टेस्ट करियर की बात करें तो अभी तक 144 मैचों में वह 1705 रन बना चुके हैं, जिसमें से 1019 रन उन्होंने नंबर-10 पर खेलते हुए बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में भी उनका रिकॉर्ड जबरदस्त रहा है। उन्होंने अब तक 143 टेस्ट मैचों में 571 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान वह 24 बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं। लियोन का गेंदबाजी औसत 30.20 और इकॉनमी रेट 2.94 का रहा है। उन्होंने 29 वनडे मैचों में 29 विकेट हासिल किए हैं।

मैट रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेली जबरदस्त पारी 

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर की सबसे बेहतरीन 190 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 390 रन बनाने में कामयाब रही। दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट के नुकसान पर 27 रन बना लिए थे और वह अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 363 रन पीछे है। रेनशॉ ने इस लंबी पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके और एक छक्का लगाया।

यह भी पढ़ें

रणजी ट्रॉफी के पहले मैच से बाहर हुए भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दूसरे मुकाबले में खेलने की उम्मीद

हसन महमूद ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज बने

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।