इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा अनऑफिशियल वनडे मुकाबला पुडुचेरी के सिचम ग्राउंड पर खेला जा रहा है। आज के मैच में ऑस्ट्रेलिया ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए को 125 रनों से मात दी थी। दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन करके वापसी करने की कोशिश करेगी। इस मैच के लिए इंडिया ए की टीम ने प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है। प्रभसिमरन चोट की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह कुमार कुशाग्र को प्लेइंग XI में जगह मिली है।
टॉस के वक्त ऋतुराज गायकवाड़ ने क्या कहा?
भारतीय कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस के दौरान कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी ही करते, क्योंकि मौसम सुहावना है और पिच भी सूखी नजर आ रही है। ऐसे में बोर्ड पर पहले रन बनाना फायदेमंद रहता। उन्होंने कहा कि पिछले मैच में टीम ने शुरुआत अच्छी की थी और वे इस मैच में भी उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे। टीम में बदलाव के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि सिर्फ एक बदलाव किया गया है, जहां प्रभसिमरन सिंह की जगह कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है। गायकवाड़ ने माना कि यह मुकाबला बहुत अहम है, क्योंकि पहला मैच हारने के बाद अब वे मजबूत वापसी करना चाहते हैं।
पहले वनडे में इंडिया ए को मिली 125 रनों से हार
सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को 125 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए थे। 275 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 149 रनों पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन मैकस्वीनी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 123 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत उनकी टीम एक मजबूत स्कोर खड़ा कर सकी।
IND vs AUS: दूसरे अनऑफिशियल वनडे मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
इंडिया ए: साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अरशद खान, यश ठाकुर
ऑस्ट्रेलिया ए: सैम कोन्स्टास, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), नाथन मैकस्वीनी (कप्तान), लाचलान शॉ, लियाम स्कॉट, निखिल चौधरी, बेन द्वारशुइस, रिले मेरेडिथ, तनवीर सांघा, स्पेंसर जॉनसन