1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दिवाली के दिन होगा IND vs PAK के बीच महामुकाबला, U19 एशिया कप में भिड़ेंगी दोनों टीमें

दिवाली के दिन होगा IND vs PAK के बीच महामुकाबला, U19 एशिया कप में भिड़ेंगी दोनों टीमें

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 08, 2026 11:31 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 11:31 pm IST

एशियन क्रिकेट काउंसिल की तरफ से अंडर-19 एशिया कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें भारत और पाकिस्तान की टीम ग्रुप-ए का हिस्सा हैं और दोनों टीमों के बीच में 8 नवंबर को मुकाबला खेला जाएगा।

India vs Pakistan- India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान Image Source : AP

एशियन क्रिकेट काउंसिल ने अंडर-19 एशिया कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है, जिसमें इस बार टूर्नामेंट का आयोजन 5 नवंबर से 14 नवंबर तक ओमान में किया जाएगा और इसमें भारत और पाकिस्तान सहित कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी जिनको 4-4 के दो ग्रुप में बांटा गया है। अंडर-19 एशिया कप इस बार वनडे फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, नेपाल और यूएई की टीम शामिल है। वहीं ग्रुप-बी को लेकर बात की जाए तो उसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और मलेशिया की अंडर-19 टीम को जगह मिली है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 5 नवंबर को खेला जाएगा तो वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मुकाबले में भिड़ंत 8 नवंबर यानी दिवाली के दिन होगी।

दिवाली के दिन इस समय शुरू होगा IND vs PAK मैच

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम को एशिया कप 2026 में अपना पहला मैच 6 नवंबर को नेपाल की अंडर-19 टीम के खिलाफ अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेलना है। इसके बाद टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अपने दूसरे मैच में पाकिस्तानी अंडर-19 टीम का सामना करेगी, जिसमें यह मुकाबला ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर खेला जाएगा। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 पर होगी। टीम इंडिया को इसके बाद ग्रुप स्टेज में अपने आखिरी में यूएई अंडर-19 टीम का सामना करना है जो 10 नवंबर को खेला जाएगा। ऐसे में सभी की नजरें ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बड़े मुकाबले को लेकर रहेंगी।

12 नवंबर को खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल मैच

ग्रुप स्टेज मुकाबले खत्म होने के बाद 12 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे जिसमें ग्रुप-ए में टॉप पर रहने वाली टीम का सामना ग्रुप-बी में दूसरे नंबर की टीम से होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच ग्रुप-ए में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम और ग्रुप-बी में पहले नंबर की टीम के बीच में खेला जाएगा। वहीं खिताबी मुकाबला 14 नवंबर को होगा। अभी तक अंडर-19 एशिया कप के खिताब को भारतीय टीम ने जीता है, जिसमें वह 8 बार खिताब जीतने के साथ 2 बार उपविजेता भी रही है। टीम इंडिया ने पिछली बार अंडर-19 एशिया कप को साल 2021 में अपने नाम किया था।

ये भी पढ़ें

 

भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर बैटिंग कोच कोटक का आया बयान, कहा - आपको किसी स्तर पर कुछ अनुभव की भी जरूरत होती है

मुकाबले से एक दिन पहले ही प्लेइंग इलेवन का ऐलान, 340 विकेट लेने वाला गेंदबाज बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।