1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं', अखिलेश ने CM योगी को दिया चैलेंज

'मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं', अखिलेश ने CM योगी को दिया चैलेंज

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 08, 2026 08:05 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 08:06 pm IST

अखिलेश यादव आज अयोध्या दौरे पर थे। वहां से अखिलेश यादव ने सीएम योगी को बड़ा चैलेंज देते हुए कहा कि सीएम योगी अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। जानें अखिलेश यादव ने और क्या-क्या कहा।

akhilesh yogi- India TV Hindi
अखिलेश यादव ने सीएम योगी को दी चुनौती। Image Source : PTI/SAMAJWADIPARTY (X)

सपा के मुखिया अखिलेश यादव आज (बुधवार को) अयोध्या दौरे पर पहुंचे और इस दौरान उन्होंने सीएम योगी को बड़ा चैलेंज दे दिया। अखिलेश यादव ने कहा सीएम योगी खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि BJP को अयोध्या से कोई कैंडिडेट नहीं मिल रहा है। ऐसे में योगी के लिए पूरा मैदान खाली पड़ा है। भागवत कथा कार्यक्रम में संबोधन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री इतना ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।

अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलाएंगे पहचान

इस दौरान, अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भविष्य में 40 हजार रुपये हमारी माताओं बहनों को हर साल दिए जाएंगे। आने वाले समय में समाजवादी सरकार होगी तो न आपके साथ भेदभाव होगा न आपका दुकान-मकान उजाड़ा जाएगा। आने वाले समय में जब समाजवादी सरकार बनेगी तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैसे अयोध्या की पहचान हो उसके लिए विकास को हम गति देने का काम करेंगे।

राज छल से नहीं, प्रेम से मिलता है

अखिलेश यादव ये भी बोले कि भागवत कथा सदियों से चलती चली आ रही है और सदियों तक चलेगी। भागवत कथा हमें ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा देती है जिसमें भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। जो प्रेम, दया और अपनापन नहीं रखता, उसका अंत कंस की तरह होता है। जो सुदर्शन चक्र है वो सज्जनों की रक्षा के लिए है, सज्जनों को डराने के लिए नहीं है। राज छल से नहीं, प्रेम से मिलता है।

जो प्रभु श्री राम हैं, वही प्रभु श्री कृष्ण हैं

सपा मुखिया ने कहा कि अहंकार, सत्ता, भेदभाव, जाति, ऊंच-नीच, छुआछूत का वंदन आज हमारे सामने है। हमारे लिए तो जो प्रभु श्री राम हैं, वही प्रभु श्री कृष्ण हैं और जो श्री कृष्ण हैं वही श्री राम हैं। कथा मन और मनोबल को बढ़ाने का काम करती है। हमारे देश की संस्कृति इतनी महान है कि हम बचपन से ही रामायण और महाभारत सुनते रहते हैं। सभी हरि भक्त मिलकर जय राधे श्याम जो कह रहे हैं, यही हमारे समाज की और देश की खूबसूरती है।

अखिलेश के राम मंदिर ना जाने पर उठाए सवाल

उधर, SBSP चीफ और यूपी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव के राम मंदिर ना जाने को मुद्दा बनाया। राजभर ने कहा कि अखिलेश हिंदुओं के वोट तो चाहते हैं, लेकिन उनके आराध्य का नाम लेने से डरते हैं। दर्शन करने से डरते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें हिंदू वोट मिलने का भरोसा ज्यादा नहीं है। उन्हें सिर्फ मुसलमान वोट खिसकने का डर है। इससे पहले हाल ही में 403 सीटों वाले अखिलेश यादव के दावे पर मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा था कि मित्र अखिलेश जी, बस हो गया टांय टांय फिस्स!

ये भी पढ़ें- सपा के राज्यसभा उम्मीदवार नाथवानी ने लंबा-चौड़ा पोस्ट कर PM मोदी को दी बधाई, तारीफ में पढ़े कसीदे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।