1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी, हूतियों के हमले की खबर से हड़कंप

रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी, हूतियों के हमले की खबर से हड़कंप

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 08, 2026 07:34 pm IST,  Updated : Oct 08, 2026 07:34 pm IST

हूतियों के रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमले के दावे के बाद नई दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट लौट आई। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक उड़ानें रोक दी हैं।

Air India Riyadh Flight, Houthi Missile Attack, Riyadh Airport- India TV Hindi
सऊदी अरब जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बीच रास्ते वापस लौटना पड़ा है। Image Source : PTI FILE

Highlights

  • हूती हमले की खबर के बाद रियाद जा रही एयर इंडिया फ्लाइट बीच रास्ते लौटी।
  • एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद उड़ानें रोकीं।
  • रियाद एयरपोर्ट ने यात्रियों से एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जांचने को कहा।

नई दिल्ली: नई दिल्ली से सऊदी अरब की राजधानी रियाद जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हूतियों के हमले की खबर के बाद बीच रास्ते से लौटना पड़ा। एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद से आने-जाने वाली अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर 2026 तक रोक दी हैं। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नए मिसाइल हमले का दावा किया है। बता दें कि इंडिगो और अकासा एयर ने भी रियाद के लिए अपनी फ्लाइट कैंसिल कर दी हैं।

रियाद एयरपोर्ट ने यात्रियों को जारी किया ट्रैवल अलर्ट

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 8 अक्टूबर को यात्रियों के लिए ट्रैवल अलर्ट जारी किया। एयरपोर्ट ने यात्रियों से कहा कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से सीधे संपर्क कर उड़ान की स्थिति की पुष्टि करें। एयरपोर्ट ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है। इस अलर्ट के बाद रियाद आने-जाने वाली उड़ानों को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। एयरपोर्ट के इस अलर्ट को सऊदी अरब में स्थित भारतीय एम्बैसी ने ट्वीट किया है।

'80 मिनट तक कोई फ्लाइट लैंड नहीं हुई'

Flight Radar 24 ने भारतीय समय के मुताबिक शाम 4 बजकर 29 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि पिछले 80 मिनट से रियाद एयरपोर्ट पर कोई फ्लाइट लैंड नहीं हुई थी। वहीं, पिछले 90 मिनट से किसी विमान ने एयरपोर्ट से उड़ान भी नहीं भरी थी। हालांकि, बाद में रियाद एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन फिर शुरू होने की जानकारी सामने आई। बता दें कि हूतियों द्वारा हमले के दावे के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त चिंता फैल गई है।

हूतियों ने रियाद एयरपोर्ट पर हमले का किया दावा

यमन में सक्रिय ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है। हूती इससे पहले भी सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट्स को निशाना बनाने का दावा कर चुके हैं। बुधवार को उन्होंने यमन की पोर्ट सिटी अदन में एयरपोर्ट पर भी मिसाइल हमला करने का दावा किया था। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित कई सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा भी किया। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर बड़ा हमला! हूतियों का दावा-'अरामको पर बरसाई मिसाइलें'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।