1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 6, 6, 6, 6, 6, W: किस्मत ने दिया धोखा, वरना ओवर में 6 छक्के जड़ देता KKR का धाकड़ खिलाड़ी, 11 गेंद में मचाई तबाही

6, 6, 6, 6, 6, W: किस्मत ने दिया धोखा, वरना ओवर में 6 छक्के जड़ देता KKR का धाकड़ खिलाड़ी, 11 गेंद में मचाई तबाही

मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने सिएटल ऑर्कस को 81 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए लॉस एंजिलिस ने 196 रन बनाए, जिसमें रोवमैन पॉवेल ने सिर्फ 11 गेंदों पर 37 रन की तूफानी पारी खेली और एक ओवर में लगातार पांच छक्के जड़े।

Rovman Powel- India TV Hindi
Image Source : AP रोवमेन पॉवेल

रोवमेन पॉवेल ने बल्ले से ऐसी तबाही मचाई, जिसे देख हर कोई दंग रह गया। रोवमेन पॉवेल उन चुनिंदा बल्लेबाजों के क्लब में शुमार होने से चूक गए, जिन्होंने एक ओवर में लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ने का हैरतअंगेज कारनामा किया है। पॉवेल अगर आखिरी गेंद पर आउट नहीं होते, तो एक ओवर में 6 छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों के स्पेशल क्लब में शुमार हो जाते।

दरअसल, रोवमैन पॉवेल की विस्फोटक बल्लेबाजी और सुनील नरेन की घातक गेंदबाजी के दम पर लॉस एंजिलिस ने सिएटल ऑर्कस को 81 रन के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस तरह टीम ने मेजर लीग क्रिकेट यानी MLC 2026 में अपना विजयी अभियान बरकरार रखा।

पॉवेल ने बदल दिया मैच का रंग

पहले बल्लेबाजी करने उतरी लॉस एंजिलिस की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन छोटी-छोटी पारियों की बदौलत स्कोरबोर्ड आगे बढ़ता रहा। सलामी बल्लेबाज आंद्रे फ्लेचर और कॉलिन मुनरो ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि, असली धमाका पारी के आखिरी ओवरों में देखने को मिला। 

16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 138/5 था और उस वक्त ऐसा लग रहा था कि स्कोर 180 रन के आसपास रहेगा। तभी IPL 2026 में KKR की ओर से खेलने वाले रोवमैन पॉवेल ने मैदान पर एंट्री मारी और पहली ही गेंद से तबाही मचा दी। 17वें ओवर में पॉवेल ने दासुन शनाका की गेंदों पर लगातार पांच छक्के जड़ दिए। महज 11 गेंदों की अपनी छोटी लेकिन विस्फोटक पारी में उन्होंने 37 रन ठोक डाले। हालांकि, ओवर की आखिरी गेंद पर वह आउट हो गए, लेकिन तब तक मैच का रुख पूरी तरह बदल चुका था।

नरेन ने शुरुआत में ही तोड़ी कमर

पॉवेल की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने 196 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। सिएटल की ओर से जसदीप सिंह और जेराल्ड बार्टमैन ने तीन-तीन विकेट झटके, लेकिन पॉवेल की पारी ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिएटल ऑर्कस की शुरुआत बेहद खराब रही। सुनील नरेन ने पावरप्ले में ही टिम सिफर्ट और मैथ्यू ब्रीट्जके को पवेलियन भेजकर टीम को बड़ा झटका दिया। इसके बाद कार्मी ले रूक्स ने भी दो विकेट लेकर सिएटल को दबाव में ला दिया। पावरप्ले खत्म होने तक टीम 43 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी।

59 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। यही वजह रही कि टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक पाई और महज 15.3 ओवर में 115 रनों पर ढेर हो गई।  शैडली वैन शाल्कविक और आंद्रे रसेल ने तीन-तीन विकेट लेकर सिएटल की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

यह भी पढ़ें:

जो रूट कब और किस टेस्ट मैच में तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड? सामने आई हैरान करने वाली भविष्यवाणी

हरमनप्रीत कौर का साउथ अफ्रीका से मिली हार पर फूटा गुस्सा, फील्डिंग और खराब गेंदबाजी को ठहराया जिम्मेदार

Latest Cricket News