1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RR vs CSK Guwahati Weather: क्या आज शाम को होगी बारिश, राजस्थान बनाम चेन्नई मैच धुलने की कितनी है संभावना

RR vs CSK Guwahati Weather: क्या आज शाम को होगी बारिश, राजस्थान बनाम चेन्नई मैच धुलने की कितनी है संभावना

राजस्थान और चेन्नई की टीमें आज गुवाहाटी में एक दूसरे से भिड़ती हुई नजर आएंगी। इस बीच वहां पर बारिश की आशंका जताई जा रही है। आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी अहम है।

RR vs CSK- India TV Hindi
Image Source : AP राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स

राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच आज आईपीएल 2026 का अहम मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए गुवाहाटी का स्टेडियम तैयार है, लेकिन यहां बारिश की आशंका जताई गई है। पता चला है कि बारिश के कारण राजस्थान रॉयल्स का प्रैक्टिस सेशन भी रोक दिया गया था। ये राजस्थान का दूसरा होम ग्राउंड है। हालांकि बारिश को लेकर खबर है कि मुकाबले में खलल पड़ सकता है, लेकिन ऐसा भी नहीं है कि मैच खराब मौसम के कारण पूरी तरह से धुल जाएगा। चलिए आपको बताते हैं कि आज यानी सोमवार शाम को गुवाहाटी का मौसम कैसा रहेगा। 

गुवाहाटी में आज शाम को बारिश की जताई जा रही है बारिश की आशंका

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आज आईपीएल के इस सीजन का पहला मैच होगा। इसमें राजस्थान और चेन्नई के बीच मुकाबला खेला जाएगा। सोमवार को दिन में गरज और चमक के साथ बारिश की आशंका जताई गई है। इसलिए ऐहतियात के तौर पर स्टेडियम को कवर्स में रखा गया है। यही वजह है कि राजस्थान रॉयल्स की टीम अपनी तैयारी नहीं कर सकी। 

शाम को सात बजे कितने प्रतिशत बारिश की संभावना

आज को मैच भी शाम को साढ़े सात बजे होगा और इससे आधे घंटे पहले यानी सात बजे टॉस होगा। सात बजे से लेकर रात तक 20 से 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि शाम को छह बजे 30 से 40 प्रतिशत बारिश की बात कहीं जा रही है। यानी अगर सात बजे ​बारिश नहीं भी हुई और पहले की बरसात से मैदान गीला रहा तो भी टॉस में देरी हो सकती है। शाम को सात बजे से लेकर रात 11 बजे तक 20 प्रतिशत बारिश की बात कही जा रही है। हालांकि इसके बाद ये घटकर 16 प्रतिशत हो जाएगी। 

हल्के बादलों के बीच पूरा मैच होने की उम्मीद

शाम को बारिश हो ना हो, लेकिन आसमान पर बादल छाए रहने की बात कही जा रही है। लेकिन माना जा रहा है कि मौसम इतना खराब भी नहीं होगा कि मैच ही ना हो पाए। उम्मीद की जा रही है कि पूरे 40 ओवर का मुकाबला खेला जाएगा। यही दोनों टीमों के लिए अच्छा भी होगा। अब जरा ये भी समझिए कि अगर ​बारिश के बीच मैच होता है तो इसका असर क्या पड़ेगा। बारिश के कारण हवा में नमी और शाम को गिरने वाली ओस का ध्यान में रखते हुए जो टीम टॉस जीतेगी, पहले बैटिंग करना पसंद करेगी। यानी इस तरह के मौसम में टॉस की भूमिका काफी अहम हो जाती है। खास बात ये भी है कि अगर पिच को काफी देर तक ढककर रखा जाता है तो इससे मैच शुरू होने पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है।

राजस्थान और चेन्नई के बीच होगी बराबरी की टक्कर

इस बीच आईपीएल इतिहास की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अब तक कुल मिलाकर 31 मैच खेले गए हैं। इसमें से 16 मैच सीएसके ने अपने नाम किए हैं वहीं 15 मैच राजस्थान ने जीतने में कामयाबी हासिल की है। यानी मुकाबला करीब करीब बराबरी का होगा। जो भी टीम आज अच्छा खेल दिखाएगी, वो मैच जीत जाएगी। इस बीच उम्मीद की जानी चाहिए कि दिन में जितनी भी बारिश होनी है हो जाए, लेकिन शाम को सात बजे से मौसम ठीक रहे, ताकि पूरे मैच का आनंद लिया जा सके। 

यह भी पढ़ें 

ODI World Cup 2027: आईसीसी ने बनाया खास प्लान, पहले से और बड़ा होगा वनडे विश्व कप

वैभव सूर्यवंशी का आएगा तूफान, कौन करेगा उनके साथ पारी का आगाज

Latest Cricket News