A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. यशस्वी जायसवाल ने तूफानी पारी से पूरा किया स्पेशल शतक, दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में हुए शुमार

यशस्वी जायसवाल ने तूफानी पारी से पूरा किया स्पेशल शतक, दिग्गज बल्लेबाजों के क्लब में हुए शुमार

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए और टीम को 150/3 तक पहुंचाया।

Yashashvi Jaiswal- India TV Hindi
Image Source : AFP यशस्वी जायसवाल

Yashasvi Jaiswal: IPL 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गुवाहाटी में तहलका मचा दिया। बारिश के कारण टॉस देरी से हुआ और मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया। मैच छोटा होने के कारण यशस्वी जायसवाल ने पहले ही गेंद से मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों को जमकर धोया। जायसवाल ही नहीं बल्कि वैभव सूर्यवंशी ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर मुंबई के घातक गेंदबाजों को आड़े हाथों लेते हुए सिर्फ 5 ओवर में 80 रन जोड़ दिए। 

जायसवाल ने छुआ बड़ा मुकाम

वैभव ने आक्रामक अंदाज में 14 गेंदों पर 39 रन बनाए और 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। वैभव के आउट होने के बाद भी जायसवाल ने बल्ले से कहर बरपाना जारी रखा और 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान मुंबई के गेंदबाज बेबस नजर आए। उन्होंने महज 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन ठोक दिए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस तूफानी पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। जायसवाल ने 4 छक्के जड़ते ही राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। इससे पहले संजू सैमसन, जोस बटलर और शेन वॉटसन राजस्थान के लिए 100 छक्के जड़ने का कारनामा कर चुके हैं। युवा उम्र में इस तरह की आक्रामकता और निरंतरता दिखाकर जायसवाल ने यह साबित कर दिया है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारों में शुमार होने वाले हैं।

राजस्थान के लिए 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • संजू सैमसन (192)
  • जोस बटलर (135)
  • शेन वॉटसन (109)
  • यशस्वी जयसवाल (100)

राजस्थान ने 11 ओवर में जड़े 150 रन

यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत से ही इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने पहले ही ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ 22 रन बटोरकर मैच का रुख तय कर दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गज गेंदबाज भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने टिक नहीं पाए। मुंबई इंडियंस की ओर से अल्लाह गजनफर ने 2 विकेट लेकर थोड़ी वापसी जरूर दिलाई, लेकिन जायसवाल अंत तक टिके रहे और टीम को 150/3 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने गुवाहाटी में की छक्कों की बारिश, बुमराह-बोल्ट किसी को नहीं बख्शा

CSK हार चुकी है लगातार तीन मैच, अब कैसे होगी वापसी? इन 3 बदलाव से पलट सकती है चेन्नई की किस्मत

Latest Cricket News