1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रियान पराग को टीम इंडिया से BCCI ने किया बाहर, रुतुराज गायकवाड को शामिल करने के साथ बनाया उपकप्तान

रियान पराग को टीम इंडिया से BCCI ने किया बाहर, रुतुराज गायकवाड को शामिल करने के साथ बनाया उपकप्तान

श्रीलंका की मेजबानी में 9 जून से ए टीमों की खेली जाने वाली ट्राई सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया था, जिसमें अब उन्होंने बदलाव का ऐलान किया है और रियान पराग की जगह पर रुतुराज गायकवाड को शामिल किया।

Riyan Parag And Ruturaj Gaikwad- India TV Hindi
Image Source : PTI रियान पराग और रुतुराज गायकवाड

भारतीय-ए टीम को 9 जून से श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई सीरीज में हिस्सा लेना है, जिसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया गया था। इस ट्राई सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी जहां तिलक वर्मा को सौंपी गई थी तो वहीं उपकप्तान रियान पराग को बनाया गया था। अब बीसीसीआई ने स्क्वाड में एक बड़े बदलाव का ऐलान किया है, जिसमें हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते रियान पराग इस वनडे ट्राई सीरीज से बाहर हो गए हैं, जिसमें उनकी जगह पर रुतुराज गायकवाड को शामिल किए जाने के साथ उन्हें उपकप्तान भी बनाया गया है।

पराग अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाएंगे

बीसीसीआई की तरफ से इंडिया-ए टीम में किए गए इस बदलाव के साथ जानकारी दी गई कि रियान पराग हैमस्ट्रिंग की चोट ठीक होने तक अब बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रहेंगे जहां पर वह रिहैबिलिटेशन का समय बिताएंगे। बता दें कि आईपीएल 2026 के सीजन में रियान पराग राजस्थान रॉयल्स टीम की कप्तानी संभाल रहे थे, जिसमें उनके नेतृत्व में टीम का सफर क्वालीफायर-2 मैच में हार के साथ खत्म हो गया। इस सीजन रियान पराग हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे थे जिसके चलते वह कुछ मुकाबलों से बाहर भी रहे थे और उनकी जगह पर यशस्वी जायसवाल ने कप्तानी की जिम्मेदारी को संभाला था।

वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का अपडेटेड स्क्वाड

तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड (उपकप्तान), प्रियांश आर्या, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विपराज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी सबसे ज्यादा नजरें

इस वनडे ट्राई सीरीज में भारत और श्रीलंका की ए टीम के अलावा तीसरी टीम अफगानिस्तान की है, जिसमें 9 जून को जहां पहला मुकाबला खेला जाएगा तो वहीं 21 जून को फाइनल मैच होगा। इस दौरान सभी टीमों के एक-दूसरे के खिलाफ कुल दो मैच खेलने का मौका मिलेगा। इस वनडे ट्राई सीरीज के सभी मैच श्रीलंका के दांबुला स्टेडियम में खेले जाएंगे और मुकाबलों की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे से होगी। टूर्नामेंट में किसी एक खिलाड़ी को लेकर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं तो वह 15 साल के भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं जिनका आईपीएल 2026 के सीजन में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला है।

ये भी पढ़ें

टेस्ट सीरीज से पहले मिली कीवी टीम को बड़ी राहत, चोट से उबरकर स्टार ऑलराउंडर टीम से जुड़ने के लिए तैयार

सचिन तेंदुलकर भी हुए वैभव सूर्यवंशी के मुरीद, टेस्ट में देखना चाहते हैं 15 साल के खिलाड़ी का जलवा

Latest Cricket News