1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज से पहले मिली कीवी टीम को बड़ी राहत, चोट से उबरकर स्टार ऑलराउंडर टीम से जुड़ने के लिए तैयार

टेस्ट सीरीज से पहले मिली कीवी टीम को बड़ी राहत, चोट से उबरकर स्टार ऑलराउंडर टीम से जुड़ने के लिए तैयार

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 31, 2026 08:49 am IST,  Updated : May 31, 2026 08:49 am IST

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 5 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले न्यूजीलैंड को बड़ी राहत मिली है। कंधे की चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर माने जा रहे स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर टीम से जुड़ने के लिए लंदन पहुंचने वाले हैं।

New Zealand - India TV Hindi
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम Image Source : PTI

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले न्यूजीलैंड के लिए बड़ी खबर आई है। कंधे की चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर माने जा रहे स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने उम्मीद से कहीं तेजी से रिकवरी कर ली है और अब उनके लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट में खेलने की संभावना बन गई है। सैंटनर की वापसी से ब्लैक कैप्स की टीम को न केवल गेंदबाजी में मजबूती मिलेगी, बल्कि बल्लेबाजी विभाग को भी अतिरिक्त संतुलन मिलेगा।

न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार यानी 4 जून से ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। शुरुआत में माना जा रहा था कि IPL 2026 के दौरान लगी कंधे की चोट के कारण सैंटनर पहले टेस्ट से बाहर रहेंगे और शायद दूसरे या तीसरे टेस्ट तक फिट हो पाएंगे। हालांकि, अब उनकी रिकवरी उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज रही है और वह 31 मई को लंदन पहुंचकर टीम से जुड़ने वाले हैं। 34 साल के सैंटनर वर्तमान में न्यूजीलैंड की व्हाइट-बॉल टीम के कप्तान हैं और टीम के प्रमुख स्पिनर भी हैं। उनकी वापसी के बाद कवर खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किए गए ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट अब स्वदेश लौटेंगे।

गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत

न्यूजीलैंड पहले से ही मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के साथ इंग्लैंड का सामना करने जा रहा है। टीम के पास मैट हेनरी, विल ओ'रूर्के, काइल जैमीसन और ब्लेयर टिकनर जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं। ऐसे में सैंटनर की वापसी कप्तान टॉम लैथम के लिए किसी बोनस से कम नहीं होगी। सैंटनर ने अब तक 32 टेस्ट मैचों में 78 विकेट लिए हैं। इसके अलावा वह बल्लेबाजी में भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनका इकलौता टेस्ट शतक भी इंग्लैंड के खिलाफ ही 2019 में आया था।

आयरलैंड को हराकर पहुंचा न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड का मनोबल भी ऊंचा है। टीम ने हाल ही में एकमात्र टेस्ट मैच में आयरलैंड को एक पारी और 79 रन से हराया था। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले सैंटनर की वापसी टीम के आत्मविश्वास को और बढ़ाने का काम करेगी। सैंटनर की वापसी इंग्लैंड के लिए भी चिंता का विषय हो सकती है। बाएं हाथ के स्पिनर की किफायती गेंदबाजी और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी न्यूजीलैंड को अतिरिक्त बढ़त दिला सकती है। अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि क्या सैंटनर पूरी तरह फिट होकर लॉर्ड्स टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह बना पाते हैं या नहीं।

इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ'रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सीयर्स (ट्रैवलिंग रिजर्व), नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, केन विलियमसन और विल यंग।

यह भी पढ़ें:

सचिन तेंदुलकर भी हुए वैभव सूर्यवंशी के मुरीद, टेस्ट में देखना चाहते हैं 15 साल के खिलाड़ी का जलवा

IPL 2026 फाइनल से पहले गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका, अहमदाबाद पहुंचने में हुई देरी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल