1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: मिचेल के कैच पर मचा बवाल, क्या सच में आउट थे कप्तान एडन मारक्रम?

VIDEO: मिचेल के कैच पर मचा बवाल, क्या सच में आउट थे कप्तान एडन मारक्रम?

T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में कैच आउट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम का ऐसा कैच पकड़ा, जिसने नई बहस को जन्म दे दिया।

SA vs NZ- India TV Hindi
Image Source : STAR SPORTVIDEO SCREENGRAB डेरिल मिचेल

T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने हैं। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीकी की टीम पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। साउथ अफ्रीका की पारी का आगाज उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 2 ओवर में ही 12 रन के स्कोर पर 2 विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान एडन मारक्रम ने डेविड मिलर के साथ पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया। इस घटना ने अब फैंस से लेकर कमेंट्री बॉक्स तक बहस छेड़ दी।

मिचेल के कैच पर उठे सवाल

दरअसल, साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम को 8वें ओवर में आउट दिया गया, जब रचिन रवींद्र की गेंद पर उन्होंने लंबा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर लॉन्ग-ऑन की ओर गई, जहां डेरिल मिचेल ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए लो कैच पकड़ा। कैच बेहद नजदीकी था और ऐसा लगा कि गेंद जमीन को छू गई हो। खुद मिचेल ने भी तुरंत जश्न नहीं मनाया और थर्ड अंपायर का इशारा किया, जिससे संदेह और बढ़ गया। इसके बाद ऑन-फील्ड अंपायर एलेक्स वार्फ ने फैसला थर्ड अंपायर के पास भेजा।

थर्ड अंपायर के फैसले पर खड़े हुए सवाल

थर्ड अंपायर नितिन मेनन ने कई एंगल से काफी रिप्ले देखे। फ्रंट एंगल से देखने पर लगा कि गेंद का कुछ हिस्सा जमीन को छू रहा है। हालांकि, साइड-ऑन एंगल में ऐसा प्रतीत हुआ कि मिचेल ने गेंद के नीचे उंगलियां लगा ली थीं और गेंद जमीन से पहले ही उनके कंट्रोल में थी। कई एंगल से रिप्ले देखने के बाद नितिन मेनन संतुष्ट दिखे और उन्होंने कैच को क्लीन मानते हुए मारक्रम को आउट करार दे दिया। इस फैसले से जहां कीवी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम के फैंस नाराज हो गए। हालांकि अंतिम फैसला आ चुका था, ऐसे में इस पल ने सेमीफाइनल के हाई-प्रेशर माहौल में विवाद को जन्म दे दिया।

सस्ते में पवेलियन लौटे कप्तान

एडन मारक्रम 20 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी पारी में एक चौका और एक छक्का शामिल था। जब कप्तान आउट हुए, उस समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 7.4 ओवर में 55/3 रन था। मारक्रम के आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। 77 रन के स्कोर तक टीम के 5 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को येनसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर 150 के पार पहुंच सका। अंत में साउथ अफ्रीकी टीम मार्को येनसन के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाने में सफल रही।

यह भी पढ़ें:

बाबर आजम समेत कई स्टार खिलाड़ी पाकिस्तान टीम से बाहर, 6 नए चेहरे शामिल, जानें किसे बनाया कप्तान?

ICC रैंकिंग में अभिषेक शर्मा की बादशाहत पर खतरा, पाकिस्तानी बल्लेबाज ने दूसरे पायदान पर किया कब्जा

Latest Cricket News