1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साहिबजादा फरहान ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, लेकिन पाक टीम को तीसरे टी20 में मिली बड़ी हार

साहिबजादा फरहान ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, लेकिन पाक टीम को तीसरे टी20 में मिली बड़ी हार

पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के तीनों मुकाबलों में शानदार अर्धशतक जड़कर एक ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। तीसरे टी20 में उन्होंने 47 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली।

Sahibzada Farhan- India TV Hindi
Image Source : PTI साहिबजादा फरहान

पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह दुनिया के ऐसे पहले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने किसी बाइलेटरल टी20 सीरीज के तीनों मैचों में लगातार तीन अर्धशतक लगाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के पहले मैच में उन्होंने 89 रन, दूसरे मैच में 73 रन और तीसरे मैच में 76 रनों की शानदार पारियां खेली। इन तीन पारियों के दम पर उन्होंने बतौर कप्तान एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। लेकिन आखिरी मैच में पाकिस्तान की टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है।

पहले दो मैचों में साहिबजादा फरहान ने खेली अर्धशतकीय पारी

सलमान अली आगा की जगह पाकिस्तान टीम की कमान संभालने वाले 28 साल के साहिबजादा फरहान ने इस सीरीज में बतौर कप्तान और ओपनर शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने 9 अक्टूबर को रावलपिंडी में फुल-टाइम कप्तान के रूप में अपना डेब्यू किया था। अपने पहले ही मैच में उन्होंने 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर पाकिस्तान को शानदार जीत दिलाई थी। इसके बाद रावलपिंडी के उसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में भी उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 73 रन बनाए और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

आखिरी मुकाबले में भी फरहान ने बल्ले से दिखाया दम

तीसरे और आखिरी मैच की बात करें तो वहां पाकिस्तान की बाकी बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई, यहां भी कप्तान साहिबजादा फरहान ने अकेले मोर्चा संभाला। इस मैच में टीम की शुरुआत बेहद खराब रही, पिछले मैच के स्टार माज सदाकत अपना खाता भी नहीं खोल पाए और फखर जमान सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अलावा हसन नवाज, ख्वाजा नफे, मोहम्मद इमरान और अब्दुल समद जैसे बाकी खिलाड़ी भी पूरी तरह फ्लॉप रहे। एक छोर से लगातार विकेट गिरते रहने के बावजूद फरहान ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 47 गेंदों पर 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 76 रनों की शानदार पारी खेली। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाने में कामयाब रही।

श्रीलंका ने आसानी से हासिल किया टारगेट

169 रनों के टारगेट को श्रीलंका ने आसानी से 17.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर पर 172 रन बनाकर हासिल कर लिया। हालांकि इस रन चेज में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा इस मुकाबले में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान कुसल मेंडिस और सिनेथ जयवर्धने के बीच 41 गेंदों में 59 रनों की साझेदारी हुई। जयवर्धने 26 बॉल पर 38 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद कामिन्दु मेंडिस और मेंडिस ने मिलकर टीम को जीत दिला दी। मेंडिस 48 बॉल पर 87 रनों की पारी खेलकर नाबाद लौटे। वहीं मेंडिस ने भी 27 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। पाकिस्तान इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रहा।

यह भी पढ़ें

रिंकू सिंह के शतक से मिली UP को मिली बंपर जीत, बिहार को पारी और 267 रनों से हराया

लिटन दास ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक ही टेस्ट में बनाए 150+ रन और विकेट के पीछे किए 9 शिकार

Latest Cricket News