पाकिस्तान की कप्तानी संभालते ही साहिबजादा फरहान ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो T20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कोई कप्तान नहीं कर सका था। श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में फरहान का बल्ला लगातार चला। उन्होंने सीरीज के तीनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाकर नया इतिहास रच दिया। फरहान तीन मैचों की T20I सीरीज के तीनों मैचों में अर्धशतक जड़ने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। यही नहीं, वह तीन मैचों की द्विपक्षीय T20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले किसी फुल मेंबर नेशन के खिलाड़ी भी बन गए। 13 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के तीसरे T20I मुकाबले में फरहान ने 47 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की टीम इस मैच में मुश्किल में थी, लेकिन कप्तान की पारी ने टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कप्तानी मिलते ही दिखाया दम
साहिबजादा फरहान को इसी महीने सलमान अली आगा की जगह पाकिस्तान की T20 टीम का नया कप्तान बनाया गया था। उन्होंने 9 अक्टूबर को रावलपिंडी में अपना पहला मुकाबला पूर्णकालिक कप्तान के रूप में खेला और 89 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद दूसरे T20I में भी उनका बल्ला खूब चला। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में फरहान ने 73 रन बनाए और पाकिस्तान को 200 रन के पार पहुंचाने में मदद की। तीसरे मैच में 76 रन की पारी के साथ उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में अपने कुल रन 238 तक पहुंचा दिए। इस तरह फरहान ने तीनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
विराट कोहली समेत दिग्गजों की सूची में शामिल
फरहान तीन मैचों की द्विपक्षीय T20 इंटरनेशनल सीरीज के हर मुकाबले में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के आठवें खिलाड़ी हैं। उनसे पहले विराट कोहली, कॉलिन मुनरो, डेविड वॉर्नर, निकोलस पूरन, श्रेयस अय्यर, रीजा हेंड्रिक्स और इब्राहिम जादरान यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। हालांकि, कप्तान के रूप में तीनों मैचों में अर्धशतक लगाने का कारनामा पहली बार फरहान ने किया है।
अभिषेक शर्मा का कीर्तिमान भी हुआ ध्वस्त
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 238 रन बनाकर फरहान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने तीन मैचों की द्विपक्षीय T20 इंटरनेशनल सीरीज में किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने सितंबर 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 229 रन बनाने वाले भारत के अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, तीन मैचों की किसी भी द्विपक्षीय T20 इंटरनेशनल सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी स्पेन के बल्लेबाज मोहम्मद इहसान के नाम है। उन्होंने दिसंबर 2025 में क्रोएशिया के खिलाफ तीन T20 मुकाबलों में 260 रन बनाए थे। इस सूची में फरहान 238 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
यह भी पढ़ें:
मैट रेनशॉ ने तोड़ा जैक कैलिस का रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका में खास उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
रिंकू सिंह के शतक से मिली UP को मिली बंपर जीत, बिहार को पारी और 267 रनों से हराया
Latest Cricket News