A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. गुजरात के स्टार बल्लेबाज ने मचाया तहलका, विराट कोहली के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

गुजरात के स्टार बल्लेबाज ने मचाया तहलका, विराट कोहली के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के युवा सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने बल्ले से लगातार कमाल कर रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ साई ने शानदार अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया।

Sai Sudarshan- India TV Hindi
Image Source : PTI साई सुदर्शन और शुभमन गिल

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के युवा स्टार साई सुदर्शन का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दूसरे क्वालिफायर में एक और शानदार अर्धशतक जड़कर उन्होंने न सिर्फ अपनी टीम को फाइनल की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया जो अब तक सिर्फ विराट कोहली के पास था। सुदर्शन अब IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली की बराबरी पर पहुंच गए हैं।

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए IPL 2026 के दूसरे क्वालिफायर में साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी इस अर्धशतकीय पारी ने गुजरात टाइटंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 215 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने में मजबूत शुरुआत दिलाई।

विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

इस अर्धशतक के साथ सुदर्शन ने IPL 2026 में अपना आठवां पचासा पूरा किया। इससे पहले IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए विराट कोहली ने भी एक सीजन में 8 अर्धशतक लगाए थे। सुदर्शन ने इस सीजन अब तक 16 मैचों में 8 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। IPL के 19 साल के इतिहास में कोहली और सुदर्शन के अलावा कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज एक सीजन में 8 अर्धशतक लगाने का कारनामा नहीं कर पाया है।

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज है। वॉर्नर ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए IPL 2016 में 9 अर्धशतक लगाए थे। इसके अलावा वॉर्नर ने IPL 2019 में भी 8 अर्धशतक और 1 शतक जड़ा था। वॉर्नर, विराट कोहली और साई सुदर्शन के अलावा केवल केन विलियमसन (2018) और फाफ डु प्लेसिस (2023) ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक IPL सीजन में 8 अर्धशतक लगाए हैं।

खास क्लब में बनाई जगह

अगर एक IPL सीजन में 50 या उससे ज्यादा रन के स्कोर की बात करें तो विराट कोहली अब भी शीर्ष पर हैं। उन्होंने IPL 2016 में 16 मैचों में 4 शतक और 7 अर्धशतक की मदद से कुल 11 बार 50+ स्कोर बनाया था। उसी सीजन उन्होंने 973 रन बनाकर ऑरेंज कैप भी जीती थी। साई सुदर्शन के नाम अब IPL 2026 में 9 बार 50 या उससे ज्यादा रन का स्कोर दर्ज हो चुका है। वह विराट कोहली (2016) और डेविड वॉर्नर (2016 और 2019) के बाद एक IPL सीजन में 9 बार 50+ स्कोर बनाने वाले केवल तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

यह भी पढ़ें:

VIDEO: राजस्थान रॉयल्स का सफर खत्म होते ही वैभव सूर्यवंशी की आंखें हुई नम, डग आउट में रोते हुए आए नजर

शुभमन गिल ने तूफानी शतक से रचा नया इतिहास, IPL में लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, कोई नहीं कर पाया था ऐसा कारनामा

Latest Cricket News