A
Hindi News खेल क्रिकेट साई सुदर्शन के लिए करो या मरो, इस सीरीज में पहली बार किसी बल्लेबाज ने किया ये कमाल

साई सुदर्शन के लिए करो या मरो, इस सीरीज में पहली बार किसी बल्लेबाज ने किया ये कमाल

टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में हार से बचने के लिए जूझ रही है। इस बीच साई सुदर्शन ने वो काम कर दिया, जो इस सीरीज के दौरान कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया था।

Sai Sudarshan- India TV Hindi Image Source : AP साई सुदर्शन

India vs South Africa: भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार से बचने के लिए संघर्ष कर रही है। अब तक पहले सेशन का खेल हो चुका है, लेकिन इसके बाद भी टीम इंडिया संकट से बाहर न​हीं निकल पाई है। इस बीच साई सुदर्शन जरूर एक छोर संभालकर टीम को बचाने की कोशिश में जुटे हैं। इतना ही नहीं, जो काम इस टेस्ट सीरीज के दौरान कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया, वो साई सुदर्शन ने कर दिखाया है। 

साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने रखा है बड़ा टारगेट

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम के सामने जीत के लिए 549 रनों का टारगेट रखा है। जो करीब करीब असंभव टाइप का है। मुश्किल ये हो गई कि जब चौथे दिन का खेल खत्म हुआ, त​ब तक टीम इंडिया अपने दो विकेट गवां चुकी थी। दोनों सलामी बल्लेबाज यानी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आउट हो गए। इसके बाद कुलदीप यादव को चार नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। वहीं दूसरी ओर साई सुदर्शन टिके हुए थे। 

साई सुदर्शन ने संभाला एक छोर

जब पांचवें और आखिरी दिन का खेल शुरू हुआ तो कुलदीप जल्द ही साई का साथ छोड़कर चले गए। इसके बाद आए ध्रुव जुरेल और इस मैच में कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भी आउट होकर पवेलियन चले गए। लेकिन इसके बाद भी साई सुदर्शन जमे रहे। जब आखिरी दिन टी का वक्त हुआ तब साई सुदर्शन रवींद्र जडेजा के साथ ​क्रीज पर टिके हुए थे। अभी की बात करें तो इस मैच के दो पूरे सेशन बाकी हैं। इस मैच को जीतने के लिए साउथ अफ्रीका को पांच और विकेट की दरकार है। 

इस सीरीज में सबसे ज्यादा बॉल खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने साई

इस बीच साई सुदर्शन ने वो काम कर दिखाया, जो इस सीरीज के दौरन कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया। टी ​ब्रेक तक साई सुदर्शन 138 बॉल खेलकर 14 रन बनाकर खेल रहे थे। साई ने जितनी बॉल का सामना किया, उतनी इस सीरीज के दौरान कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया था इस लिहाज से देखें तो साई सुदर्शन साउथ अफ्रीका और जीत के बीच दीवार बनकर खड़े होना चाहते हैं। लेकिन उनके लिए ये काम आसान नहीं है, क्यों​कि दो सेशन अभी पूरे बचे हुए हैं।

साई सुदर्शन के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

सीरीज साई सुदर्शन के लिए करो या मरो की तरह है। साई सुदर्शन को लगातार टेस्ट क्रिकेट में मौका मिल रहा है, लेकिन अभी तक वे खुद को साबित नहीं कर पाए हैं। अगरइ इस मैच में भी साई सुदर्शन और कुछ खास नहीं कर पाए तो फिर बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी जरूर उनके बारे में नए सिरे से विचार करेगी। हालांकि अब टीम इंडिया अगली टेस्ट सीरीज लंबे अर्से बाद खेलेगी, लेकिन जब भी टीम का ऐलान होगा तो साई सुदर्शन के प्रदर्शन पर नजर जरूर रखी जाएगी। 

यह भी पढ़ें 

IND vs SA: एडन मार्करम ने गुवाहाटी टेस्ट में फील्डिंग में रचा इतिहास, भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

6 विकेट लेकर रवींद्र जडेजा ने किया बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे गेंदबाज

Latest Cricket News