IPL 2026 शुरू होने से पहले ही राजस्थान रॉयल्स यानी RR की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार इंग्लिश ऑलराउंडर सैम करन चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करन ग्रोइन की चोट से जूझ रहे हैं और इसी वजह से उनका IPL 2026 में खेलना मुश्किल माना जा रहा है। 27 साल के करन ने आखिरी बार 5 मार्च को ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के लिए मैच खेला था, जहां सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराया था। इसके बाद से ही उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे और अब यह चोट राजस्थान के लिए चिंता का कारण बन गई है। करन को पिछले साल नवंबर में चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड के जरिए राजस्थान में शामिल किया गया था। इस बड़े ट्रेड में रवींद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान पहुंचे थे, जबकि संजू सैमसन चेन्नई के खेमे में चले गए थे।
पिछला सीजन रहा खराब
सैम करन IPL में पहले पंजाब किंग्स और फिर चेन्नई के लिए खेल चुके हैं। सैम ने 2019 में पंजाब से अपने IPL करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 2020 से 21 तक चेन्नई के साथ रहे। हालांकि, साल 2023 में पंजाब ने करन को 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह युवा ऑलराउंडर की पंजाब में वापसी हुई। 2025 में एक बार फिर करन चेन्नई से जुड़े। हालांकि, पिछला सीजन में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह 5 मैचों में सिर्फ 114 रन और सिर्फ 1 विकेट चटका सके।
राजस्थान के सामने खड़ी हुई मुश्किल
ESPNCricinfor की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल राजस्थान ने करन के रिप्लेसमेंट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन टीम विकल्प तलाश रही है। टीम में पहले से रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी ऑलराउंडर मौजूद हैं, वहीं डोनोवन फरेरा भी एक पावर-हिटर और उपयोगी ऑफ-स्पिनर के रूप में टीम को संतुलन दे सकते हैं। सैम करन की गैरमौजूदगी राजस्थान रॉयल्स के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है, खासकर तब जब वह टीम के लिए पहली बार खेलने वाले थे। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम इस कमी को कैसे पूरा करती है और क्या कोई नया खिलाड़ी इस मौके को भुना पाता है।
यह भी पढ़ें
अर्जुन तेंदुलकर ने पापा सचिन के बल्ले को लेकर खोला राज, सुनकर हैरान रह गए ऋषभ पंत; देखें VIDEO
विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच इस दिन होगी भिड़ंत, टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने
Latest Cricket News