1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जब सनथ जयसूर्या ने ठोक दिया टीम इंडिया के​ खिलाफ तिहरा शतक, सहवाग केवल 7 रन से ट्रिपल सेंचुरी से चूके

जब सनथ जयसूर्या ने ठोक दिया टीम इंडिया के​ खिलाफ तिहरा शतक, सहवाग केवल 7 रन से ट्रिपल सेंचुरी से चूके

श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने टीम इंडिया के ही खिलाफ तिहरा शतक ठोका था। भारत के वीरेंद्र सहवाग इसके बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन इसे पूरा नहीं कर पाए। क्या इस बार ये रिकॉर्ड टूटेंगे या फिर ऐसे ही बने रहेंगे।

Sanath Jayasuriya and virender sehwag- India TV Hindi
Image Source : GETTY सनथ जयसूर्या और वीरेंद्र सहवाग

भारत और श्रीलंका के बीच एक बार फिर से टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से होगा। भारतीय टीम की कमान इस शुभमन गिल के हाथों में है। एक बार फिर से नए नए कीर्तिमान बनते हुए हम देखेंगे। इस बीच अब से करीब 29 साल पहले जो रिकॉर्ड बना था, वो अभी तक टूटा नहीं है। भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज में अब तक केवल एक ही तिहरा शतक लगा है और वे सनथ जयसूर्या ने लगाया है। इसके बाद एक बार भारत के वीरेंद्र सहवाग भी तिहरे शतक के काफी करीब थे, लेकिन वे इससे सात रन से चूक गए थे। चलिए आपको इस बारे में बताते हैं। 

साल 1997 में सनथ जयसूर्या ने टीम इंडिया के खिलाफ खेली थी 340 रनों की धमाकेदार पारी

टीम इंडिया साल 1997 में सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में श्रीलंका के दौरे पर गई थी। इसी दौरान सनथ जयसूर्या ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शानदार 340 रन बना दिए थे। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 537 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इसके बाद जब श्रीलंकाई टीम उतरी तो सलामी बल्लेबाज जयसूर्या ने 578 बॉल का सामना किया और 340 रन ठोक दिए। इस दौरान जयसूर्या ने 36 चौके और दो छक्के लगाए। इसी पारी में रोशन महानामा ने भी 225 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। श्रीलंका ने 6 विकेट पर 952 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके बाद मैच ड्रॉ हो गया था। 

वीरेंद्र सहवाग ने साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ बनाए थे 293 रन

भारत की ओर से अभी तक किसी भी बल्लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ तिहरा शतक नहीं लगाया है। वीरेंद्र सहवाग साल 2009 में इसके बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन वे इससे चूक गए। भारतीय टीम की कमान तब एमएस धोनी संभाल रहे थे। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 393 रन बनाए थे। जवाब में जब टीम इंडिया उतरी तो सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने केवल 254 बॉल पर 293 रन बना दिए थे। वे केवल सात रन से तिहरा शतक लगाने से चूक गए थे। सहवाग ने इस दौरान 40 चौके और 7 छक्के ठोके थे। इस मैच में एमएस धोनी ने भी 100 रन बनाए थे। भारत ने 726 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी थी। भारतीय टीम ने इस मैच को पारी और 24 रनों के अच्छे अंतर से अपने नाम किया था। 

इस बार भी बनेंगे नए रिकॉर्ड

अब जबकि भारत और श्रीलंका के बीच फिर से टेस्ट सीरीज होनी है तो देखना होगा कि कौन कौन से नए ​कीर्तिमान बनते हैं। क्या जयसूर्या और सहवाग का रिकॉर्ड टूटेगा या फिर ये इस साल भी बरकरार रहेगा। ये देखना काफी दिलचस्प होगा। 

यह भी पढ़ें 

श्रीलंका में कितने साल से टेस्ट सीरीज नहीं हारी है टीम इंडिया, शुभमन गिल कहीं कबाड़ा ना कर दें

पहले ही दिन खुल गई टीम इंडिया की पोल, एक विकेट के लिए तरसते रहे गेंदबाज

Latest Cricket News