1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका में कितने साल से टेस्ट सीरीज नहीं हारी है टीम इंडिया, शुभमन गिल कहीं कबाड़ा ना कर दें

श्रीलंका में कितने साल से टेस्ट सीरीज नहीं हारी है टीम इंडिया, शुभमन गिल कहीं कबाड़ा ना कर दें

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Aug 07, 2026 01:14 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 01:14 pm IST

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले ही हार का खौफ सताने लगा है। जो काम 18 साल से नहीं हुआ, कहीं इस बार ना हो जाए।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज जैसे जैसे करीब आ रही है, भारतीय फैंस की धड़कनें भी बढ़ती जा रही हैं। वैसे तो श्रीलंका ब​हुत अच्छी टेस्ट टीम नहीं है, लेकिन इसके बाद भी श्रीलंका को उसी के घर में टेस्ट हराना आसान काम नहीं है। इस बीच दिलचस्प बात ये है कि भारतीय टीम श्रीलंका में जाकर करीब 18 साल से कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारी है, लेकिन क्या पता, इस बार ये सिलसिला टूट जाए। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने पिछले कुछ वक्त में कई सीरीज हारी हैं। 

टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच चुकी है और अपनी तैयारी में जुटी है। पहला मुकाबला 15 अगस्त से शुरू होगा, जो कि गॉल में खेला जाएगा। इस बीच 7 अगस्त से तीन दिन का प्रैक्टिस मैच शुरू हो गया है, जिसके पहले दिन भारतीय गेंदबाज विकेट लिए तरसते हुए नजर आए। श्रीलंका इलेवन के सामने भारतीय गेंदबाज पस्त नजर आए। इससे संकट बढ़ने की आशंका नजर आ रही है। जसप्रीत बुमराह इस सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं, ये टेंशन की बात है। 

साल 2008 में टीम इंडिया श्रीलंका में हारी थी आखिरी टेस्ट सीरीज

भारतीय टीम श्रीलंका में जाकर साल 2008 में आखिरी टेस्ट सीरीज हारी थी। तब भारतीय टीम की कमान अनिल कुंबले के ​हाथ में थी। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला श्रीलंका ने जीता था। इसके बाद टीम इंडिया ने दूसरा मैच जीतकर वापसी की, लेकिन तीसरा टेस्ट फिर श्रीलंका ने जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। इसके बाद से लेकर अब तक जब भी टीम इंडिया टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका गई है तो सीरीज जीतकर ही वापस लौटी है, लेकिन इस बार कुछ अलग हो जाए तो कोई ताज्जुब की बात नहीं होगी। 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी सीरीज

वैसे भी ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी। जिसकी अंक तालिका में टीम इंडिया काफी नीचे है। हालांकि अभी उसकी फाइनल खेलने की संभावनाएं खत्म नहीं हुई है, लेकिन अगर ये सीरीज हाथ से गई तो फिर निश्चित तौर पर मुश्किलें और बढ़ेंगी। ऐसे में शुभमन गिल को ना केवल बल्ले से अपना योगदान देना होगा, साथ ही कप्तानी में भी अपना कमाल दिखाना होगा। नहीं तो श्रीलंकाई टीम चौंका सकती है। 

यह भी पढ़ें 

पहले ही दिन खुल गई टीम इंडिया की पोल, एक विकेट के लिए तरसते रहे गेंदबाज

वैभव सूर्यवंशी को मिचेल मार्श ने छोड़ा पीछे, किसने लगाए हैं इस साल टी20 में सबसे ज्यादा छक्के?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल