IPL फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स यानी LSG के मालिक संजीव गोयनका का क्रिकेट साम्राज्य अब एक और बड़ा कदम आगे बढ़ाने जा रहा है। इंग्लैंड के प्रतिष्ठित ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड के पास जल्द ही एक अत्याधुनिक हाई-परफॉर्मेंस सेंटर बनाया जाएगा, जो भविष्य में LSG समेत RPSG ग्रुप की सभी टीमों के खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा।
ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम के पीछे बनेगा हाई-परफॉर्मेंस सेंटर
RPSG ग्रुप और लंकाशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के बीच इस मल्टी-मिलियन पाउंड परियोजना को लेकर समझौता हुआ है। इस करार के तहत ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम के पीछे स्थित जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जहां विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हाई-परफॉर्मेंस सेंटर विकसित किया जाएगा।
संजीव गोयनका सिर्फ IPL टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक ही नहीं हैं, बल्कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की द हंड्रेड लीग में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स फ्रेंचाइजी में उनकी 70 प्रतिशत हिस्सेदारी भी है। फिलहाल मैनचेस्टर सुपर जायंट्स द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में एक जीत और एक मैच रद्द होने के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस होगा सेंटर
इस प्रोजेक्ट के तहत लंकाशायर क्लब के मौजूदा इंडोर ट्रेनिंग सेंटर को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा। नई सुविधा में अत्याधुनिक इंडोर नेट्स, हाई-टेक जिम, आउटडोर ट्रेनिंग एरिया, स्पोर्ट्स साइंस लैब और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और रिकवरी का माहौल देना है।
संजीव गोयनका ने इस साझेदारी को क्रिकेट के प्रति अपने दीर्घकालिक विजन का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट हमेशा से RPSG ग्रुप के खेल निवेश का केंद्र रहा है और लंकाशायर क्रिकेट के साथ यह साझेदारी खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतरीन सुविधाएं तैयार करने की साझा सोच को दर्शाती है। उनका मानना है कि यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के क्रिकेटरों के लिए स्थायी विरासत होगी।
LSG के साथ MSG और DSG को भी मिलेगा लाभ
यह हाई-परफॉर्मेंस सेंटर RPSG ग्रुप की सभी प्रमुख टीमों लखनऊ सुपर जायंट्स, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और डरबन सुपर जायंट्स को लाभ पहुंचाएगा। इसके अलावा ओल्ड ट्रैफर्ड में खेलने आने वाली इंटरनेशनल और विदेशी टीमों को भी इस सुविधा का इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा। RPSG ग्रुप और लंकाशायर क्रिकेट का मानना है कि यह परियोजना ओल्ड ट्रैफर्ड और AO फैरिंगटन क्रिकेट ग्राउंड के साथ मिलकर विश्वस्तरीय क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी, जिससे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें:
ऋषभ पंत को ट्रेड करने के बाद अब LSG ने लिया एक और बड़ा फैसला, फ्रेंचाइजी ने नए बैटिंग कोच को किया नियुक्त
IPL में बड़ा ट्रेड, ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप यादव बने LSG का हिस्सा
Latest Cricket News