1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL में बड़ा ट्रेड, ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप यादव बने LSG का हिस्सा

IPL में बड़ा ट्रेड, ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप यादव बने LSG का हिस्सा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 23, 2026 01:43 pm IST,  Updated : Jun 23, 2026 02:27 pm IST

IPL को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो गई है। वहीं, कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं।

Rishabh Pant - India TV Hindi
ऋषभ पंत Image Source : PTI

IPL के अगले सीजन से पहले हाई प्रोफाइल ट्रेड डील सामने आई है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलेंगे। हाल के सालों में यह IPLके सबसे बड़े और चर्चित ट्रेड्स में से एक माना जा रहा है।

पंत की घर वापसी

इस ट्रेड डील को ऋषभ पंत की घर वापसी माना जा रहा है। दरअसल, पंत ने 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था और इस दौरान वह फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने दिल्ली के लिए 111 मैच खेले, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा टीम के लिए सबसे ज्यादा मुकाबले हैं। इतना ही नहीं, 2021 से 2024 के बीच चार सीजन में उन्होंने 43 मैचों में टीम की कप्तानी भी की थी। हालांकि, IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में कहानी बदल गई। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा था। यह IPL इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। लेकिन अब ट्रेड के बाद पंत फिर से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं। दिल्ली में उनकी नई सैलरी 15 करोड़ रुपये होगी।

गौरतलब है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पिछले 2 सीजन बेहद निराशाजनक रहे। पंत की कप्तानी में टीम ने IPL 2025 में 7वें स्थान पर फिनिश किया। वहीं, अगले सीजन टीम का और भी ज्यादा बुरा हाल हो गया। LSG IPL 2026 में सबसे निचले पायदान पर रही। पंत LSG में शामिल होने के बाद से ही संघर्ष कर रहे थे। पंत के न तो बल्ले से रन आ रहे थे और न ही बतौर कप्तान टीम को जीत दिला पा रहे थे।

कुलदीप पहुंचे LSG

दूसरी ओर, कुलदीप यादव का दिल्ली कैपिटल्स के साथ शानदार सफर अब समाप्त हो गया है। बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर 2022 में दिल्ली से जुड़े थे और पिछले पांच सीजन में टीम के गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ बने रहे। कुलदीप ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 65 मैचों में 72 विकेट लिए और अपनी धारदार गेंदबाजी से कई मैचों का रुख बदला। सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद स्पिनरों में गिने जाने वाले कुलदीप अब लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते नजर आएंगे। वह अपने मौजूदा 13.50 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट के साथ LSG में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, स्टार स्पिनर के बाद अब धाकड़ ऑलराउंडर T20I सीरीज से हुआ बाहर

IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड में धूम मचाने के लिए तैयार, जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड में किसका पलड़ा भारी?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल